Manoj Tiwari: भगवा लहर में डूबे मनोज तिवारी, कांवड़ यात्रा पर निकले, बोले- बिहार में NDA की जीत के लिए भोलेबाबा से मांगूंगा वरदान, देखें तस्वीर
Manoj Tiwari: दिल्ली से भाजपा सांसद, गायक और अभिनेता मनोज तिवारी एक बार फिर कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। इस बार वे 30 साल बाद बाबा धाम की ओर रवाना हुए हैं।

Manoj Tiwari: दिल्ली से भाजपा सांसद, गायक और अभिनेता मनोज तिवारी एक बार फिर कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। इस बार वे 30 साल बाद बाबा धाम की ओर रवाना हुए हैं। भगवा वस्त्र पहने, कंधे पर कांवर लिए तिवारी अपने सहयोगियों और सुरक्षाकर्मियों संग मुंगेर के कच्ची कांवरिया पथ पर चलते नजर आए। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सिर्फ एक धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि बिहार के उज्ज्वल भविष्य की कामना से जुड़ी हुई है।
मनोज तिवारी ने कहा कि मैं 30 साल बाद बाबाधाम जा रहा हूं। बाबा से यही प्रार्थना है कि बिहार में एक बार फिर NDA की सरकार बने। जनता अब उन लोगों को पहचान चुकी है जो सिर्फ अपने पेट की राजनीति और अपराध के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने कांवर यात्रा की व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कच्ची कांवरिया पथ पर कांवरियों के लिए बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं, इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार दोनों को धन्यवाद देता हूं।
मनोज तिवारी का यह धार्मिक सफर जहां उनके बाबा भोलेनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा को दर्शाता है, वहीं उन्होंने इसे बिहार की सियासत से भी जोड़ते हुए कहा कि अब जनता विकास चाहती है, न कि अपराध और भ्रष्टाचार का चेहरा।अंत में उन्होंने कहा कि भोले बाबा सबका भला करेंगे, बिहार की दिशा अब बदलेगी।
तिवारी की यह यात्रा ना सिर्फ धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक बनी, बल्कि इसमें बिहार की बदलती राजनीतिक हवा की भी झलक देखने को मिली।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान