Bihar News : मुंगेर में ससुराल से मायके लौटी विवाहिता ने फंदे से लटककर की आत्महत्या, प्रेम विवाह के बाद पति पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप

Bihar News : मुंगेर में एक विवाहिता ने अपने मायके में कमरे के पंखे से साड़ी का फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान रिया कुमारी के रूप में हुई है.......पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में ससुराल से मायके लौटी विवाहिता ने फंद
युवती ने की ख़ुदकुशी - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बीचागांव से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने अपने मायके में कमरे के पंखे से साड़ी का फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान स्नातक पास 23 वर्षीय रिया कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से ही मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतका के परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, रिया ने वर्ष 2023 में दिलावरपुर बाड़ा निवासी नवजीत कुमार भास्कर के साथ प्रेम विवाह किया था। हालांकि, शादी के महज एक महीने बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। परिजनों का आरोप है कि पति द्वारा लगातार दी जा रही मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर रिया अपने मायके लौट आई थी, लेकिन इसके बावजूद उसका पति उसे फोन पर लगातार टॉर्चर और परेशान करता रहता था।

घटना की रात रिया ने अपने परिजनों के साथ खाना खाया और सामान्य रूप से अपने कमरे में सोने चली गई। अगले दिन मंगलवार की सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। खिड़की से झांककर देखने पर परिजनों के होश उड़ गए; रिया पंखे से साड़ी के सहारे झूल रही थी। परिजन आनन-फानन में दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारे, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

मृतका दो भाइयों की इकलौती बहन थी और स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। घटना की सूचना मिलते ही कासिम बाजार थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले के तकनीकी और वैज्ञानिक पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। मामले की जानकारी देते हुए कासिम बाजार थानाध्यक्ष रुबी कांत कच्छप ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस को परिजनों की ओर से लिखित आवेदन का इंतजार है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि आवेदन प्राप्त होते ही पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट