Munger fraud case: मुंगेर में शातिर ठग का खेल, क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर उड़ाए लाखों के गहने

Munger fraud case: मुंगेर में ठग ने क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर कारोबारी से लाखों के गहने ठग लिए। इस घटना के बाद से पुलिस जांच में जुट गई है।

Munger fraud case
कारोबारी से लाखों के गहने ठग लिए- फोटो : news4nation

Munger fraud case: मुंगेर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित आजाद चौक रविवार दोपहर का वक्त और एक ऐसा शातिर ठग, जिसने कुछ ही मिनटों में एक कारोबारी को लाखों का चूना लगा दिया। पीड़ित बच्चु पाहुजा हैप्पी बेकरी के पार्टनर हैं। वह बाजार से घर लौट रहे थे। तभी एक युवक ने उन्हें रोक लिया। उसने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और रौब दिखाते हुए कहा कि इतने गहने पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है। ठग ने अपनी बातों में ऐसा भरोसा और डर पैदा किया कि पीड़ित उसके झांसे में आ गए।

उसने सख्ती दिखाते हुए तुरंत चेन और अंगूठी उतरवाए और सुरक्षा के नाम पर उन्हें कागज में रखने को कहा। लेकिन यहीं से शुरू हुआ असली खेल रुमाल में गहने बांधने के दौरान आरोपी ने बड़ी ही सफाई से असली जेवरात की जगह पत्थर रख दिए और पलक झपकते ही पोटली बदल दी। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि बच्चु पाहुजा को कुछ समझ ही नहीं आया। ठग ने उन्हें भरोसा दिलाया कि घर जाकर गहने सुरक्षित रख लें और मौके से फरार हो गया। 

पैरों तले जमीन खिसक गई

पीड़ित ने बताया कि जब वह घर पहुंचे और पोटली खोली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अंदर सोने के गहनों की जगह सिर्फ पत्थर थे। तब तक ठग काफी दूर निकल चुका था। घटना के बाद पीड़ित के द्वारा कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इस वारदात के बाद शहर में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और खुद को अधिकारी बताने वालों से सतर्क रहें।

मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट