Bihar Crime:सिगरेट के धुएं से भड़की चिंगारी, पथराव में बदला विवाद, दो मोहल्लों के बीच हिंसक झड़प

Bihar Crime:सिगरेट के धुएं से भड़की चिंगारी, पथराव में बदला

MUNGER : सिगरेट का धुआं फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दो मोहल्लों के युवाओं के बीच पथराव में तब्दील हो गया। घटना में कई लोग जख्मी हो गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।

बताया जाता है कि शिमपुर और शेख टोला के कुछ युवक बाजार से लौट रहे थे। इसी दौरान पुल के पास खड़े कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि सिगरेट और गांजा पी रहे युवकों ने गुजर रहे लोगों की ओर धुआं उड़ा दिया। एतराज़ जताने पर बहस शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट और फिर ईंट-पत्थरबाज़ी में बदल गई। दोनों तरफ से जमकर पथराव हुआ, जिससे राहगीरों में दहशत फैल गई।

घटना में घायल लोगों को अनुमंडलीय अस्पताल, हवेली खड़गपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया गया। स्थिति की नज़ाकत को देखते हुए जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि विवाद दो मोहल्लों के कुछ युवाओं के बीच शुरू हुआ था, जो पथराव में बदल गया। पुलिस ने तुरंत प्रिवेंटिव एक्शन लेते हुए हालात को नियंत्रित कर लिया। फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियातन चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल और क्यूआरटी टीम तैनात कर दी गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अमन-चैन बनाए रखें। पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा कोई नापाक हरकत सिर न उठा सके।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट