Munger labor accident: कोलकाता में दर्दनाक हादसा! निर्माणाधीन गोदाम ढहा, मुंगेर के 3 मजदूरों की जान गई, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

Munger labor accident: कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरने से मुंगेर के तीन मजदूरों की मौत हो गई। कई मजदूर घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

Munger labor accident

Munger labor accident: पश्चिम बंगाल के कोलकाता के तारातला इलाके में एक दर्दनाक हादसे में बिहार के मुंगेर जिले के तीन मजदूरों की मौत हो गई। यह घटना बुधवार को उस समय हुई जब निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त कई मजदूर वहां काम कर रहे थे और मलबे के नीचे दब गए। मृतकों की पहचान मुंगेर जिले के धरहरा प्रखंड के लगमा गांव निवासी पप्पू राम के 18 वर्षीय बेटे शिरचन कुमार, राजेंद्र राम के बेटे प्रेम कुमार उर्फ घी कुमार और मानगढ़ गांव निवासी जवाहर राम के बेटे नवीन राम के रूप में हुई है। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि प्रेम कुमार अपने पिता और तीन भाइयों के साथ कोलकाता में मजदूरी कर रहा था। हादसे में उसके पिता और तीनों भाई भी घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज कोलकाता के अस्पताल में चल रहा है। घटना की खबर जैसे ही मुंगेर के गांवों तक पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया। शिरचन कुमार की मां बेबी देवी और प्रेम कुमार की मां नीरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों ने बताया कि घर की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी, इसलिए रोजी-रोटी के लिए सभी मजदूरी करने बाहर गए थे।

ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा दुख जताया

ग्रामीणों ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। लोगों का कहना है कि गरीब परिवारों के ये सदस्य घर चलाने के लिए दूसरे राज्य में काम करने गए थे, लेकिन अब उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव के लोगों ने सरकार और प्रशासन से मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घायलों के बेहतर इलाज की मांग की है।

मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट