Munger love affair: दो साल के प्रेम संबंध के बाद प्रेमिका की मांग में भरा सिंदूर, शादी के कुछ घंटे बाद ही दूल्हा फरार
Munger love affair: मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र में दो साल के प्रेम संबंध के बाद युवक ने ग्रामीणों के सामने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा, लेकिन शादी के कुछ घंटे बाद ही उसे छोड़कर फरार हो गया।
Munger love affair: बिहार के मुंगेर जिले में प्रेम प्रसंग और शादी का एक अजीब मामला सामने आया है। धरहरा थाना क्षेत्र में दो साल से प्रेम संबंध में रह रहे एक युवक और युवती को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद गांव वालों की मौजूदगी में युवक ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर उसे पत्नी के रूप में स्वीकार कर लिया। उसने सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा भी किया, लेकिन शादी के कुछ घंटे बाद ही वह अपनी नई नवेली पत्नी को छोड़कर फरार हो गया। अब युवती और उसके परिजन परेशान हैं और युवक की तलाश कर रहे हैं।
प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था युवक
पूरा मामला धरहरा थाना क्षेत्र के सारोबाग गांव का है। गांव के अनिल मंडल की बेटी का गांव के ही दीपक चौधरी के बेटे गौरव कुमार के साथ पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के रिश्ते की जानकारी धीरे-धीरे उनके परिवार वालों को भी हो गई थी। बताया जा रहा है कि 10 नवंबर की रात गौरव अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान युवती के परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिल गई। इसके बाद गांव वालों ने दोनों को पकड़ लिया।
ग्रामीणों के सामने प्रेमिका की मांग में भरा सिंदूर
युवक और युवती के पकड़े जाने के बाद गांव में काफी देर तक गहमागहमी रही। ग्रामीणों के कहने पर गौरव ने सबके सामने अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भर दिया। उसने युवती को पत्नी के रूप में स्वीकार करते हुए जीवनभर साथ निभाने का वादा भी किया। इस तरह ग्रामीणों की मौजूदगी में दोनों की शादी हो गई। हालांकि, कुछ देर बाद जब लड़के के परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां फिर से माहौल बिगड़ने लगा।
शादी के कुछ घंटे बाद पत्नी को छोड़कर फरार हुआ दूल्हा
इसी बीच गौरव लोगों को चकमा देकर वहां से फरार हो गया। वह अपनी नई नवेली पत्नी को वहीं छोड़ गया। ग्रामीणों और परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। फिलहाल, शादी के कुछ घंटे बाद ही दूल्हे के फरार होने से युवती और उसके परिवार वाले परेशान हैं। युवक की तलाश की जा रही है।
मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट