मुंगेर में ब्लैक डे, वैलेंटाइन डे पर पुलवामा के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि, एक मिनट का मौन रखकर वीर जवानों को किया नमन

Bihar News: जहां पूरा देश 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के रूप में मना रहा है, वहीं बिहार के मुंगेर से एक अलग और भावुक तस्वीर सामने आई। ...

Munger Marks Black Day Tribute to Pulwama attack Martyrs
पुलवामा के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि- फोटो : reporter

Bihar News: जहां पूरा देश 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के रूप में मना रहा है, वहीं बिहार के मुंगेर से एक अलग और भावुक तस्वीर सामने आई। यहां की महिलाओं और युवतियों ने इस दिन को ‘ब्लैक डे’ के रूप में मनाया और र पुलवामा में शहीद हुए 40 वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुंगेर के कोणार्क मोड़ इलाके में दर्जनों महिलाएं काले वस्त्र पहनकर सड़कों पर उतरीं। हाथों में मोमबत्तियां और दिल में शहीदों के प्रति सम्मान लिए उन्होंने एक मिनट का मौन रखकर वीर जवानों को नमन किया। वातावरण ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा और पूरे इलाके में भावनात्मक माहौल बन गया।

महिलाओं ने कहा कि वैलेंटाइन डे विदेशी संस्कृति की देन है, जबकि हमें अपनी मिट्टी, अपनी परंपरा और अपने वीर सपूतों के बलिदान को याद रखना चाहिए। उनके मुताबिक 14 फरवरी उनके लिए प्रेम का नहीं, बल्कि शौर्य और बलिदान का दिन है। उन्होंने कहा कि हम आज उन 40 जवानों को याद कर रहे हैं जिन्होंने देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

मोमबत्तियां जलाकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि देशभक्ति केवल शब्दों में नहीं, बल्कि अपने वीरों के त्याग को याद रखने और सम्मान देने में है। मुंगेर की इन महिलाओं ने यह साबित कर दिया कि 14 फरवरी सिर्फ प्रेम का प्रतीक नहीं, बल्कि देश के लिए बलिदान देने वाले सपूतों को स्मरण करने का भी दिन हो सकता है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान