Bihar News:केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का बड़ा बयान, उमेश सिंह की 34 संपत्तियां चिह्नित, जल्द शुरू होगी नीलामी

Bihar News: फाइनेंसर उमेश कुमार सिंह की मौत के बाद लंबे समय से फंसी सैकड़ों लोगों की करोड़ों रुपये की रकम को लेकर बड़ी खबर सामने आई है।...

Munger Money Scam 34 Properties Identified Auction Soon
उमेश सिंह की 34 संपत्तियां चिह्नित,- फोटो : reporter

Bihar News: मुंगेर बिंदवाड़ा में फाइनेंसर उमेश कुमार सिंह की मौत के बाद लंबे समय से फंसी सैकड़ों लोगों की करोड़ों रुपये की रकम को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय मंत्री और मुंगेर सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने दावा किया है कि जिला प्रशासन ने उमेश कुमार सिंह की 34 संपत्तियों की पहचान कर ली है। अब इन संपत्तियों की जल्द नीलामी की प्रक्रिया शुरू किए जाने की तैयारी है। नीलामी से मिलने वाली राशि के जरिए पीड़ित लोगों की फंसी रकम लौटाने का प्रयास किया जाएगा।

बिंदवाड़ा पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री का लोगों ने स्वागत किया। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने लंबे समय से फंसे पैसों का मुद्दा उनके सामने रखा। लोगों का कहना था कि अपनी मेहनत की कमाई वापस पाने के लिए वे काफी समय से प्रशासन और न्यायालय के चक्कर लगा रहे हैं।

दरअसल, अक्टूबर 2025 में बिंदवाड़ा निवासी फाइनेंसर उमेश कुमार सिंह का शव पटना के एक होटल के कमरे से बरामद हुआ था। बताया गया कि उमेश कुमार सिंह ने बड़ी संख्या में लोगों से ब्याज पर करोड़ों रुपये लिए थे। बाद में रकम बाजार में फंसने के कारण कई लोगों की जमा-पूंजी वापस नहीं हो सकी। उनकी मौत के बाद पैसे वापस पाने के लिए पीड़ितों की मुश्किलें और बढ़ गईं।

लोगों ने मामले में हस्तक्षेप कर उनकी रकम वापस दिलाने की मांग केंद्रीय मंत्री ललन सिंह से भी की थी। अब बिंदवाड़ा में उन्होंने बताया कि प्रशासन ने उमेश सिंह से जुड़ी 34 संपत्तियों का पता लगाया है। उनके अनुसार करीब एक सप्ताह के भीतर इन संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

ललन सिंह के इस बयान के बाद लंबे समय से अपनी रकम की वापसी का इंतजार कर रहे लोगों में उम्मीद जगी है। हालांकि, नीलामी में संपत्तियों से कुल कितनी रकम हासिल होगी और किस पीड़ित को कितनी राशि वापस मिल पाएगी, यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल प्रशासन की प्रस्तावित नीलामी पर पीड़ितों की नजर टिकी है। यदि नीलामी की प्रक्रिया आगे बढ़ती है तो लंबे समय से फंसी रकम की वापसी की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान