नर्स बनने का सपना... श्मशान में दफन! दरिंदे प्रेमी ने गला घोंटकर बुझाया घर का चिराग, 198 कॉल्स और एक श्मशान घाट ने खोला साजिश का राज
मुंगेर की नर्स छात्रा स्नेहा कुमारी की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. प्रेमी ने शादी के दबाव से बचने के लिए उसकी हत्या कर शव को पूर्णिया में जला दिया था. इस दौरान दोनों का मोबाइल लोकेशन एक ही जगह मिला था।
Munger - मुंगेर की नर्स छात्रा स्नेहा कुमारी की दर्दनाक हत्या और साक्ष्य मिटाने की साजिश का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। सफियासराय थाना क्षेत्र के आदमपुर की रहने वाली 25 वर्षीय स्नेहा बीती 17 जनवरी से लापता थी, जो घर से भागलपुर GNM की ट्रेनिंग के लिए निकली थी। पुलिसिया तफ्तीश में सामने आया कि स्नेहा का उसके प्रेमी नीरज कुमार यादव ने ही कत्ल कर दिया और पहचान छुपाने के लिए शव को पूर्णिया के एक श्मशान घाट में जला दिया।
इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में तकनीकी साक्ष्यों ने मुख्य भूमिका निभाई। मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के अनुसार 17 जनवरी से लापता होने तक स्नेहा और नीरज के बीच 198 बार बातचीत हुई थी। इसके अलावा, 17 से 20 जनवरी के बीच दोनों की मोबाइल लोकेशन भी एक ही जगह पाई गई। इन्हीं पुख्ता सबूतों के आधार पर जब नीरज को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
हत्या का मूल कारण शादी का विवाद और प्रेम संबंध में आया धोखा बताया जा रहा है। नीरज की शादी कहीं और तय हो गई थी, जिसका स्नेहा विरोध कर रही थी। वह शादी का दबाव बनाने के लिए पूर्णिया स्थित नीरज के किराए के मकान पर पहुंची थी, जहां दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान नीरज ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वह शव को श्मशान ले गया और वहां मौजूद लोगों को स्नेहा को अपनी पत्नी बताकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।इस मामले में पुलिस ने वैज्ञानिक और जमीनी स्तर पर व्यापक जांच की है। पुलिस टीम ने पूर्णिया पहुंचकर उस मकान के पड़ोसियों से भी पूछताछ की, जिन्होंने स्नेहा की तस्वीर देखकर उसके वहां आने की पुष्टि की। साथ ही, श्मशान के डोम राजा ने भी आरोपी की पहचान की और बताया कि वही व्यक्ति शव लेकर आया था। पुलिस ने लकड़ी खरीदने से लेकर अंतिम संस्कार तक के तमाम लेन-देन के प्रमाण भी जुटा लिए हैं。
दूसरी ओर, मृतका की मां किरण देवी ने अंग तस्करी जैसा गंभीर आरोप लगाते हुए मामले में और भी अपराधियों के शामिल होने की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी की किडनी निकाल ली गई थी और उन्हें इंसाफ चाहिए। मुंगेर एसपी ने साफ किया है कि पुलिस ने सभी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और अब स्पीडी ट्रायल चलाकर आरोपी नीरज कुमार को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का काम किया जाएगा।
रिपोर्ट - मो. इम्तियाज