Bihar Crime: मुंगेर में दो महीने की नई दुल्हन की संदिग्ध मौत, दहेज के लिए हत्या का आरोप, पति फरार, सास हिरासत में, गांव में सनसनी

Bihar Crime: शादी के महज दो महीने बाद हीं दुल्हन की संदिग्ध मौत से गांव में सन्नाटा और गहरा आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है।

Bihar Crime: मुंगेर में दो महीने की नई दुल्हन की संदिग्ध मौत
दुल्हन की मौत - फोटो : IMTIYAZ

Munger:  में एक बार फिर दहेज की कुरीति ने एक नवविवाहिता की जिंदगी छीन लेने का गंभीर आरोप सामने आया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तौफिर इंद्र टोला गांव में 22 वर्षीय विवाहिता रूपम कुमारी की संदिग्ध हालात में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शादी के महज दो महीने बाद हुई इस घटना ने गांव में सन्नाटा और गहरा आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, रूपम कुमारी का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला, जिसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध पाया गया है।

मृतका के पिता भुजल यादव ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी बेटी की दहेज के लिए हत्या की गई है। परिजनों का आरोप है कि शादी के समय करीब पांच लाख रुपये नकद, सोना और चांदी के जेवर दिए गए थे, इसके बावजूद ससुराल पक्ष की लालच खत्म नहीं हुई। लगातार एक लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल की अतिरिक्त मांग की जा रही थी।

परिजनों के अनुसार, मांग पूरी न होने पर रूपम की पहले गला दबाकर हत्या की गई और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया। यह आरोप मामले को और गंभीर बना रहा है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।घटना के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका की सास को हिरासत में ले लिया है, जबकि पति समेत अन्य आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, सभी साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए यह तय किया जाएगा कि यह आत्महत्या है या सुनियोजित हत्या। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर समाज में फैली दहेज प्रथा की कड़वी सच्चाई को उजागर कर दिया है। एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान