Bihar Crime: मालगाड़ी के रैक प्वाइंट पर वर्चस्व की जंग, दो गुटों में तनाव, पुलिस की विशेष तैनाती

Bihar Crime: मालगाड़ी से सीमेंट उतारने और अनलोडिंग के काम को लेकर दो प्रभावशाली गुटों के बीच पिछले करीब दो महीने से तनाव बना हुआ है।...

Munger Tension
वर्चस्व की जंग- फोटो : reporter

Bihar Crime: मुंगेर जमालपुर रेलवे मालगोदाम के रैक प्वाइंट पर मालगाड़ी से सीमेंट उतारने और अनलोडिंग के काम को लेकर मुंगेर के दो प्रभावशाली गुटों के बीच पिछले करीब दो महीने से तनाव बना हुआ है। विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए जमालपुर थाना और रेल थाना पुलिस की विशेष तैनाती की गई है। पुलिस की निगरानी में सीमेंट रैक से बोरियों की अनलोडिंग शुरू कराई गई है।

बताया जा रहा है कि रैक प्वाइंट पर पार्टनरशिप, कमीशन और वर्चस्व को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो अब दो गुटों के बीच तनातनी में बदल गया है। पिछले दो महीनों के दौरान धमकी, गाली-गलौज, नोकझोंक, मारपीट और हथियार प्रदर्शन जैसे आरोप सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए लगातार निगरानी कर रही है।

इसी बीच बड़ी दरियापुर निवासी आदर्श कुमार ने पुलिस को आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है। उनका आरोप है कि सीमेंट रैक की सैंपलिंग और अनलोडिंग के काम में बाधा डाली जा रही है और उनसे रंगदारी की मांग की जा रही है। आदर्श कुमार के अनुसार, संबंधित कृषि केंद्रों ने उन्हें रैक से सैंपलिंग और अनलोडिंग के लिए अधिकृत किया है।

दूसरी ओर, सूत्रों के मुताबिक रैक प्वाइंट पर काम और हिस्सेदारी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब प्रभाव और वर्चस्व की लड़ाई का रूप ले चुका है। मामले में पुलिस सभी आरोपों और विवाद की पृष्ठभूमि की पड़ताल कर रही है।

रेल जिला जमालपुर के एसआरपी विद्या सागर और मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने और काम को सुचारु रूप से संचालित कराने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।पुलिस की मौजूदगी में फिलहाल रैक से माल उतारने का काम जारी है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी पक्ष को कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान