Samriddhi Yatra : मुख्यमंत्री नीतीश का इमोशनल फेयरवेल! समृद्धि यात्रा को लेकर प्रशासन चौकस, मुंगेर को 100 करोड़ की मिलेगी सौगात

Samriddhi Yatra:मुख्यमंत्री के रूप में मुंगेर में आगामी 19 मार्च को प्रस्तावित समृद्धि यात्रा संभावित अंतिम दौरा माना जा रहा है,जिससे राजनीतिक माहौल के साथ-साथ भावनात्मक रंग भी गहरा गया है।

Samriddhi Yatra : मुख्यमंत्री नीतीश का इमोशनल फेयरवेल! समृद्
सीएम नीतीश की समृद्धि यात्रा - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : आगामी 19 मार्च को प्रस्तावित समृद्धि यात्रा को लेकर मुंगेर जिला प्रशासन पूरी ताकत के साथ तैयारियों में जुट गया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दौरे को लेकर जिले में युद्ध स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री के रूप में मुंगेर का यह उनका संभावित अंतिम दौरा माना जा रहा है, जिससे राजनीतिक माहौल के साथ-साथ भावनात्मक रंग भी गहरा गया है।

समृद्धि यात्रा के तहत 19 मार्च को मुख्यमंत्री मुंगेर पहुंचेंगे, जहां वे 100 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। साथ ही आमसभा को संबोधित करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रही योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे। जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। वरीय अधिकारी लगातार चयनित स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री साफियाबाद हवाई अड्डा पर विभागीय समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद वे विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण करेंगे और आमसभा को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री पोलो मैदान में हेलीकॉप्टर से उतरेंगे, जहां से जिला उद्योग केंद्र, कष्टहरणी घाट, जिला पंचायत संसाधन केंद्र और पशुपालन विभाग के नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन और निरीक्षण करेंगे। सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह दौरा सिर्फ विकास योजनाओं की सौगात तक सीमित नहीं है, बल्कि मुंगेर के साथ उनके लंबे राजनीतिक और व्यक्तिगत जुड़ाव का एक भावुक अध्याय भी है।

समता पार्टी के दौर से जुड़े जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञान चंद पटेल का कहना है कि नीतीश कुमार बिहार के विकास के शिल्पकार हैं, जिन्होंने राज्य को शून्य से शिखर तक पहुंचाया। वहीं 1980 से उनके साथ रहे मनोरंजन कुमार मजूमदार ने उन्हें ‘विश्वकर्मा’ की संज्ञा देते हुए कहा कि उन्होंने बिहार को नए सांचे में ढाला है। उन्होंने बताया कि मुंगेर को मुख्यमंत्री ने वानिकी महाविद्यालय, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, गंगा पुल, यूनिवर्सिटी, पॉलिटेक्निक और मॉडल अस्पताल जैसी कई बड़ी सौगातें दी हैं। 19 मार्च का यह दौरा इसलिए भी खास है क्योंकि समर्थकों के बीच यह चर्चा है कि यह मुख्यमंत्री के रूप में उनका आखिरी मुंगेर दौरा हो सकता है। ऐसे में जहां एक ओर विकास की नई लकीर खींची जाएगी, वहीं दूसरी ओर पुराने साथियों और मुंगेर वासियों के लिए यह पल बेहद भावुक भी साबित हो रहा है।

रिपोर्ट- इम्तियाज खान