Bihar News : दिल्ली से मुंगेर पहुंचे तीन संदिग्धों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जाली नोटनुमा कागजात और मोबाइल किया बरामद
Bihar News : मुंगेर में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में दिल्ली से आए तीन संदिग्ध युवकों को कोतवाली थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
MUNGER : मुंगेर में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में दिल्ली से पहुंचे तीन संदिग्धों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना पुलिस ने बस स्टैंड और सितारिया पेट्रोल पंप के आसपास संदिग्ध गतिविधियों और रेकी की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। पुलिस ने इनके पास से कई मोबाइल फोन, 500-500 रुपये के जाली नोटनुमा कागजात और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने की बात स्वीकार की है।
दरअसल, मुंगेर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड और सितारिया पेट्रोल पंप के आसपास कुछ संदिग्ध युवकों के घूमने और लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे तीनों युवकों को खदेड़कर पकड़ लिया गया ।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए तीनों संदिग्ध दिल्ली के रहने वाले हैं। नाबालिग होने के कारण एक को निरुद्ध किया गया है। वहीं, मो. तबरेज, उम्र करीब 19 वर्ष और मो. आँद, उम्र करीब 26 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से नारजो और वीवो कंपनी के कई मोबाइल फोन, अलग-अलग आईएमईआई नंबर वाले डिवाइस और 500-500 रुपये के मुड़े हुए जाली नोटनुमा कागजात बरामद किए हैं।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने दिल्ली से मुंगेर आकर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि नाबालिग को निरुद्ध कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने मुंगेर में अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इनके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट