Bihar News : मुंगेर में खाली ट्रक में छिपाई गई 290 लीटर विदेशी शराब पुलिस ने किया बरामद, दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : मुंगेर के मुफस्सिल थाना पुलिस ने बनौदा के पास एक ट्रक से करीब 290 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। वहीँ मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है......पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में खाली ट्रक में छिपाई गई 290 लीटर विदे
शराब बरामद - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मुंगेर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुफस्सिल थाना पुलिस और आसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने बनौदा के पास घेराबंदी कर एक ट्रक से करीब 290 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। तस्करों ने शराब की इस खेप को खाली ट्रक में तिरपाल के नीचे बेहद शातिराना तरीके से छिपा रखा था। पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त करते हुए चालक समेत दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।

गुप्त सूचना पर एसपी ने दिए कार्रवाई के निर्देश

जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि बरियारपुर के रास्ते श्रीकृष्ण सेतु होते हुए शराब की एक बड़ी खेप खगड़िया की तरफ भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर मुफस्सिल थाना पुलिस और आसूचना इकाई की टीम ने संयुक्त रूप से बनौदा के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान बरियारपुर की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी जांच की गई।

तिरपाल के नीचे तहखाने में छिपा रखी थी शराब

पुलिस टीम ने जब ट्रक की शुरुआती जांच की, तो वह पूरी तरह से खाली दिखाई दे रहा था। हालांकि, तस्करों की संदिग्ध हरकतों को देखते हुए जब पुलिस ने ट्रक की बेहद बारीकी और गहनता से तलाशी ली, तो सच सामने आ गया। तस्करों ने ट्रक को ऊपर से ढकने वाले भारी तिरपाल के नीचे एक विशेष तहखाना बना रखा था, जिसमें 93 कार्टूनों में पैक करीब 290 लीटर अंग्रेजी शराब छिपाई गई थी। पुलिस को चकमा देने के लिए शराब के ऊपर एक और तिरपाल डाला गया था ताकि बाहर से ट्रक पूरी तरह खाली लगे।

पूर्णिया के रहने वाले हैं गिरफ्तार तस्कर

पुलिस ने अवैध शराब और ट्रक को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया और मौके से ही दो तस्करों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्णिया जिले के कसबा थाना क्षेत्र के बालसर गांव निवासी मोहम्मद सोनू और मोहम्मद मोअज्जम के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने कबूल किया कि वे लंबे समय से इस अवैध कारोबार में शामिल हैं और इस बार शराब की डिलीवरी किसी और जगह की जानी थी।

भागलपुर से खगड़िया से जुड़ा है तस्करी का नेटवर्क:

कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि भागलपुर में एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें यह ट्रक सौंपा था और इसे सुरक्षित खगड़िया पहुंचाने का निर्देश दिया गया था। इसके एवज में उन्हें मोटी रकम मिलने वाली थी। मुफस्सिल थाना पुलिस ने बताया कि इस शराब तस्करी के पूरे अंतरजिला नेटवर्क और इसके मुख्य सरगना का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। इस धंधे से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट