Bihar News : झोपड़ी में लाखों रूपये नकद और जेवरात देख दंग रह गयी पुलिस, ट्रेन में छिनतई करनेवाली महिला गिरोह का किया खुलासा, चार को किया गिरफ्तार
MUNGER : मुंगेर के जमालपुर में ट्रेन यात्रियों को निशाना बनाने वाले महिला स्नैचर गैंग का बड़ा खुलासा हुआ है। RPF, GRP और CIB की संयुक्त कार्रवाई में चार महिला स्नैचर गिरफ्तार की गई हैं। हैरानी की बात ये है कि ये महिलाएं ट्रेन में सफर करने वाली महिलाओं को ही टारगेट बनाती थीं और मौका मिलते ही गले से मंगलसूत्र और जेवर झपट लेती थीं। पुलिस ने इनके तंबू से करीब 5 लाख रुपये नकद, 100 ग्राम सोने के जेवरात, 500 ग्राम चांदी के आभूषण और चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि ये महिलाएं खानाबदोश की तरह तंबू में रहकर ट्रेनों में छिनतई की वारदात को अंजाम देती थीं। भागलपुर के बाद जमालपुर में RPF और GRP को ट्रेन स्नैचिंग के मामले में यह बड़ी सफलता मानी जा रही है।
दरअसल मामला जमालपुर रेलवे स्टेशन से जुड़ा है। 11 मार्च को इंटरसिटी एक्सप्रेस से पटना जा रही एक महिला यात्री का मंगलसूत्र अचानक गले से गायब हो गया। महिला ने शक जताया कि उसके पास खड़ी दो महिलाओं ने ही यह वारदात की है।12 मार्च को जब पीड़िता पटना से लौटी तो उसने जमालपुर RPF को इसकी जानकारी दी। शिकायत मिलते ही RPF, GRP और CIB rpf की संयुक्त टीम बनाई गई और स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में सचमुच दो संदिग्ध महिलाएं उस समय प्लेटफॉर्म पर दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई। इसी बीच सूचना मिली कि वही संदिग्ध महिलाएं दोबारा इंटरसिटी एक्सप्रेस में देखी गई हैं।
टीम ने उनका पीछा किया और पता चला कि वे सभी मुंगेर जिले के कासिमबाजार थाना क्षेत्र के बाजार समिति इलाके में तंबू लगाकर खानाबदोश की तरह रह रही हैं। कासिमबाजार थाना पुलिस और महिला पुलिस बल के साथ जब टीम के द्वारा वहां छापेमारी की गई, जहां के तंबू से करीब 5 लाख रुपये नकद, 100 ग्राम सोने के जेवरात, 500 ग्राम चांदी के आभूषण और चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने ट्रेन में छिनतई और चोरी के आरोप में चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से दो महिलाएं झारखंड के जामताड़ा की रहने वाली हैं, जबकि दो मुंगेर की बताई जा रही हैं।
RPF के एएससी हीरा प्रसाद सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में जमालपुर–भागलपुर और बांका रूट की ट्रेनों में छिनतई और चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। इसी को देखते हुए RPF और GRP ने संयुक्त अभियान चलाकर इस महिला स्नैचर गिरोह की पहचान की और कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। वहीं इस मामले में srp जमालपुर ने बताया कि यह rpf और grp का संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा। ताकि ट्रेन में छिनतई की घटना पर अंकुश लगाया जा सके।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट