CHHATH PUJA 2026 : मुंगेर में छठ महापर्व की तैयारियां तेज, डीएम ने नाव से गंगा घाटों का किया निरीक्षण

CHHATH PUJA 2026 : मुंगेर में छठ महापर्व को लेकर जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने नाव से गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया......पढ़िए आगे

CHHATH PUJA 2026 : मुंगेर में छठ महापर्व की तैयारियां तेज, ड
छठ की तैयारी - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : लोक आस्था के महापर्व छठ को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए मुंगेर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और गंगा घाटों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर ने अधिकारियों की एक टीम के साथ नाव से गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बबुआ घाट, जेल घाट, कष्टहरणी घाट, जहाज घाट, सोझी घाट, बेलवा घाट और दोमंठा घाट सहित कई प्रमुख घाटों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान घाटों पर फैली गंदगी को देखते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने और पर्व के दौरान नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर देते हुए डीएम ने खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां समय रहते बैरिकेडिंग कराने और श्रद्धालुओं के आवागमन पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। इसके साथ ही, नगर आयुक्त को सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और अन्य सभी बुनियादी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

इस निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ अपर समाहर्ता सुमन कुमार साह, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता, महापौर कुमकुम देवी और उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह सहित कई अन्य संबंधित पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासनिक टीम ने पूरी कार्ययोजना की समीक्षा कर सभी व्यवस्थाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने पर सहमति जताई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने छठव्रतियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षित घाटों पर ही अर्घ्य अर्पित करें तथा प्रशासन द्वारा चिह्नित खतरनाक घाटों पर जाने से बचें।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट