Bihar Crime : मुंगेर में डकैतों का दुस्साहस, रिटायर्ड शिक्षक के घर की 18.5 लाख की भीषण डकैती, परिवार को बनाया बंधक
मुंगेर में हथियारबंद अपराधियों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर करीब 45 मिनट तक तांडव मचाया और 15 लाख रुपये के जेवरात व 3.5 लाख रुपये नकद लेकर आसानी से फरार हो गए।
MUNGER : बिहार के मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र स्थित फरीदपुर दास टोली में मंगलवार की अहले सुबह नकाबपोश अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक रिटायर्ड शिक्षक के घर में भीषण डकैती की वारदात को अंजाम दिया। हथियारबंद अपराधियों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर करीब 45 मिनट तक तांडव मचाया और 15 लाख रुपये के जेवरात व 3.5 लाख रुपये नकद लेकर आसानी से फरार हो गए।
घटना सुबह करीब तीन बजे की है, जब रिटायर्ड शिक्षक मनोज कुमार दास के घर छत के रास्ते एक नकाबपोश अपराधी दाखिल हुआ और उसने अंदर से मुख्य दरवाजा खोल दिया। इसके बाद चार अन्य हथियारबंद अपराधी घर में घुस आए। बदमाशों ने मनोज दास के बेटे सौरभ के साथ मारपीट करते हुए उसे एक कमरे में बंद कर दिया। शोर सुनकर जब मनोज दास और उनकी पत्नी आशा देवी जागे, तो अपराधियों ने उन्हें भी हथियार के बल पर कब्जे में ले लिया।
इसके बाद अपराधियों ने अलमारी और गोदरेज की चाबियां छीन लीं और उसमें रखे साढ़े तीन लाख रुपये नकद व लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। पीड़ित परिवार ने अत्यंत दुख के साथ बताया कि लूटे गए जेवरात बेटी की आगामी शादी के लिए संभालकर रखे गए थे। इस घटना से पीड़ित परिवार पूरी तरह टूट चुका है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में इसी परिवार की बेटी प्रभा भारती, जो बिहार पुलिस में अधिकारी थीं, की कटिहार में हत्या कर दी गई थी। अब इस भीषण लूटकांड ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
वारदात के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जमालपुर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट