मुंगेर में 'स्कॉर्पियो गैंग' का आतंक: 15 दिनों में तीसरी बड़ी वारदात, घर के बाहर खड़ी गाड़ी ले उड़े चोर

मुंगेर में इनदिनों चोरो ने वाहन मालिकोंं की नींद हराम कर रखा है। सबसे बड़ी बात यह है कि चोरों के निशाने पर महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी है। 15 दिनों के अंदर चोरो ने तीसरा स्कॉर्पियों चोरी कर शहर में हड़कंप मचा दिया है.....

मुंगेर में 'स्कॉर्पियो गैंग' का आतंक: 15 दिनों में तीसरी बड़
मुंगेर में 'स्कॉर्पियो गैंग' का आतंक- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : जिले में इन दिनों चोरों का आतंक चरम पर है। बेखौफ अपराधियों ने चार पहिया वाहन मालिकों, खासकर स्कॉर्पियो मालिकों की नींद हराम कर दी है। पिछले 15 दिनों के भीतर वाहन चोरी की तीन बड़ी वारदातों को अंजाम देकर चोरों ने मुंगेर पुलिस की गश्ती और सुरक्षा दावों को खुली चुनौती दी है। गौर करने वाली बात यह है कि चोरों के निशाने पर केवल महिंद्रा कंपनी की स्कॉर्पियो गाड़ियां ही हैं, जिससे किसी संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।


ड्राइवर गया नहाने, इधर चोर उड़ा ले गाड़ी

ताजा मामला कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बिंदवाड़ा का है। जानकारी के अनुसार, मनिया चौराहा निवासी मुरारी शर्मा की स्कॉर्पियो गाड़ी को उनका ड्राइवर राणा अमन कुमार 6 मई को हजारीबाग लेकर गया था। 7 मई की देर रात मुंगेर लौटने के बाद, ड्राइवर ने रात लगभग 11:45 बजे बिंदवाड़ा निवासी दिवाकर सिंह के घर के पास गाड़ी पार्क की और खुद स्नान करने चला गया। जब वह रात 1:30 बजे वापस लौटा, तो गाड़ी अपनी जगह से गायब थी। ड्राइवर ने तत्काल इसकी सूचना वाहन मालिक को दी, जिसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।


सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई वारदात

वाहन चोरी की यह पूरी वारदात पास के ही एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह शातिर चोरों ने बड़ी आसानी से गाड़ी का लॉक खोला और उसे लेकर रफूचक्कर हो गए। सूचना मिलते ही कासिम बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर चोरों के हुलिए और भागने के रास्ते की पहचान करने में जुटी है।


15 दिनों के अंदर तीसरी घटना

मुंगेर शहर में 'स्कॉर्पियो गैंग' का यह तीसरा प्रहार है। इससे पहले चोरों ने बीआरएम (BRM) महिला कॉलेज रोड स्थित एक संवेदक के घर के बाहर से पहली स्कॉर्पियो चोरी की थी। इसके कुछ ही दिनों बाद बरियारपुर थाना क्षेत्र से भी एक स्कॉर्पियो गाड़ी उड़ा ली गई। एक ही मॉडल की गाड़ियों की लगातार हो रही चोरी से वाहन मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है। लोगों का कहना है कि शहर के रिहायशी इलाकों में भी अब गाड़ियां सुरक्षित नहीं हैं।


फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। कासिम बाजार थाना पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा। हालांकि, लगातार हो रही इन वारदातों ने पुलिसिया गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिक अब रात के समय पुलिस की मुस्तैदी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं ताकि उनकी गाड़ियां सुरक्षित रह सकें।


इम्तियाज खान की रिपोर्ट