Bihar News : सावन में दिखी अनोखी आस्था, 50 किलो की कांवर में भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र को लेकर देवघर निकले शिवभक्त

Bihar News : पटना के कंकड़बाग से करीब 60 कांवरियों का जत्था 50 किलो का कांवड़ लेकर सुल्तानगंज से देवघर की पैदल यात्रा पर निकला है।

Bihar News : सावन में दिखी अनोखी आस्था, 50 किलो की कांवर में
50 किलो की कांवर - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : सावन के पवित्र महीने में बाबा बैद्यनाथ की भक्ति के अनोखे और अद्भुत रंग देखने को मिल रहे हैं। मुंगेर के कच्ची कांवरिया पथ पर इन दिनों आस्था का एक ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां श्रद्धालु करीब 50 किलो वजनी कांवर रूपी पालकी लेकर बाबा धाम की ओर बढ़ रहे हैं। इस अनोखी कांवर की विशेष बात यह है कि इसमें भगवान जगन्नाथ, उनकी बहन सुभद्रा और भ्राता बलभद्र के देव स्वरूप विराजमान हैं।

भागलपुर से आए कांवरिया संजीव कुमार और उनके पूरे कांवरिया संघ ने इस भव्य कांवर को उठाकर अपनी यात्रा शुरू की है। कच्ची कांवरिया पथ से गुजरने वाले अन्य शिवभक्त और राहगीर इस दृश्य को देखकर आश्चर्यचकित हैं और रास्ते में ठहरकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर रहे हैं। कई श्रद्धालु हाथ जोड़कर नमन कर रहे हैं तो कई भावविभोर होकर नतमस्तक होते दिखाई दे रहे हैं।

करीब 50 किलो का भारी वजन और सुल्तानगंज से देवघर तक का कठिन पैदल सफर भी इन कांवड़ियों के हौसले को डिगा नहीं पा रहा है। कांवड़ियों के चेहरे पर थकान के बजाय बाबा बैद्यनाथ और भगवान जगन्नाथ के प्रति अपार श्रद्धा और भक्ति का भाव साफ नजर आ रहा है। रास्ते की तमाम मुश्किलों को भूलकर कांवड़ियों के कदम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।

कांवरिया संजीव कुमार ने अपनी इस यात्रा को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र को साथ लेकर बाबा बैद्यनाथ की नगरी जाना उनके लिए बेहद सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि भगवान के प्रति पूर्ण समर्पण और अटूट आस्था का सफर है। मुंगेर का यह कच्ची कांवरिया पथ इन दिनों देशभर से उमड़ने वाले लाखों शिवभक्तों की भक्ति और अलग-अलग संकल्पों का गवाह बना हुआ है। भगवान जगन्नाथ की प्रतिमाओं से सजी यह 50 किलो की कांवर पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है और सावन के इस महीने में भक्ति के माहौल को और भी अलौकिक बना रही है।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट