Bihar News: मुंगेर में सायरन की सनसनी, एम्बुलेंस-फायर ब्रिगेड की दौड़ से दहला शहर, फिर ये खुलासा

Bihar News: मुंगेर की सड़कों पर अचानक एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सायरन बजाती दौड़ने लगीं। मॉल और स्कूल के बाहर अफरा-तफरी का माहौल दिखा, घायल पड़े लोग, स्थानीय लोग रेस्क्यू में जुटे, अस्पतालों में बढ़ती हलचल ये सब देखकर आम नागरिक घबरा उठे।

Siren Scare in Munger Ambulance Rush Shocking Reveal
मुंगेर में सायरन की सनसनी- फोटो : reporter

Bihar News: मुंगेर की सड़कों पर अचानक एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सायरन बजाती दौड़ने लगीं। मॉल और स्कूल के बाहर अफरा-तफरी का माहौल दिखा, घायल पड़े लोग, स्थानीय लोग रेस्क्यू में जुटे, अस्पतालों में बढ़ती हलचल ये सब देखकर आम नागरिक घबरा उठे। हर किसी के ज़ेहन में एक ही सवाल था, “कहीं कोई बड़ी अनहोनी तो नहीं हो गई?”

मगर थोड़ी ही देर में तस्वीर साफ हो गई। यह कोई असली हादसा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा भूकंप परिदृश्य को लेकर आयोजित एक व्यापक मॉक ड्रिल थी, जो आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार के निर्देश पर कराई गई।

सुबह ठीक 8 बजे जिला प्रशासन हाई अलर्ट मोड में आ गया। भौगोलिक दृष्टि से भूकंप ज़ोन-4 में आने वाला मुंगेर इस अभ्यास का अहम केंद्र बना। पहले चरण में मॉल और स्कूल को परिदृश्य स्थल बनाया गया, जहां “मलबे में दबे” घायलों को SDRF, CRPF, आपदा मित्र, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू किया।

दूसरे चरण में जिलाधिकारी कार्यालय के कमांडिंग सेंटर में फोन और मोबाइल की घंटियां लगातार बजने लगीं। कंट्रोल रूम से पूरे जिले की इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट जारी हुआ। तीसरे चरण में एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड तेज सायरन के साथ सड़कों पर दौड़ीं। घायलों को तत्परता से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने पहले से तैयार रहकर प्राथमिक उपचार शुरू किया।

जिलाधिकारी निखिल धनराज ने कहा कि आपदा से बचाव का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता और तैयारी है। वहीं मुंगेर एसपी सैय्यद इमरान मसूद ने बताया कि ट्रैफिक प्रबंधन के लिए दस प्रमुख स्थलों पर विशेष तैनाती की गई थी, ताकि घायलों को अस्पताल पहुंचाने में कोई बाधा न आए।

पटना मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी गई। इस पूरे अभ्यास का मकसद साफ था अगर कभी असली भूकंप आए, तो प्रशासन और इमरजेंसी सेवाएं कितनी तेजी और तालमेल से काम करें, इसकी परख करना। मुंगेर ने दिखा दिया कि तैयारी ही असली सुरक्षा है।

रिपोर्ट- इम्तियाज खान