Bihar news: वंदे भारत के आते ही गूंजा सायरन, जमालपुर स्टेशन पर 30 मिनट तक मची रही अफरा तफरी, जानिए क्या है पूरा मामला
Bihar news: जमालपुर स्टेशन पर वन्दे भारत ट्रेन के आने के साथ ही अफरा तफरी मच गयी. आधा घंटे तक स्टेशन पर हड़कंप मचा रहा. जानिए क्या है पूरा मामला
MUNGER : होली के मद्देनजर बढ़ती भीड़ और संभावित भगदड़ जैसी सूरत-ए-हाल से निपटने के लिए जमालपुर स्टेशन पर रेल प्रशासन ने हाई-अलर्ट मॉक ड्रिल का आयोजन किया। प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर जैसे ही ट्रेन नंबर 22309 वंदे भारत एक्सप्रेस आकर रुकी, अचानक इमरजेंसी सायरन गूंज उठा। सायरन की तेज आवाज ने यात्रियों में कुछ पल के लिए खौफ और अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया।
सायरन बजते ही आरपीएफ, जीआरपी, टीटीई और स्टेशन प्रशासन हरकत में आ गए। सुरक्षा घेरा बनाकर टीम ने ट्रेन के डिब्बों में दाखिल होकर ‘घायल’ यात्रियों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के जरिए बाहर निकाला। मेडिकल टीम ने मौके पर प्राथमिक उपचार का डेमो दिया। करीब 30 मिनट तक प्लेटफॉर्म पर रेस्क्यू ऑपरेशन की गहमागहमी और यात्रियों की बेचैनी साफ नजर आई।
कुछ देर के लिए प्लेटफॉर्म पर भगदड़ जैसे हालात बन गए, लेकिन पुलिस और रेल प्रशासन ने फौरन हालात संभाल लिए। यात्रियों को बताया गया कि यह वास्तविक हादसा नहीं, बल्कि होली से पहले भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन प्रतिक्रिया की तैयारी का हिस्सा है। यह सुनते ही लोगों ने राहत की सांस ली।
प्रभारी स्टेशन अधीक्षक सह सीवाइएम मनोरंजन कुमार ने बताया कि यह मॉक ड्रिल पूर्व रेलवे मालदा के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता, आरपीएफ एएससी हीरा सिंह और जमालपुर एसआरपी विद्या सागर के संयुक्त निर्देश पर आयोजित किया गया। मकसद साफ है त्योहारों के दौरान उमड़ने वाली अनियंत्रित भीड़ को काबू में रखना और किसी भी आपात स्थिति में फौरन राहत पहुंचाना।
रेल प्रशासन का दावा है कि इस तरह के अभ्यास से आपदा की घड़ी में अफरातफरी को रोका जा सकेगा और कम समय में घायलों को चिकित्सा सहायता दी जा सकेगी। होली से पहले सुरक्षा का यह रिहर्सल यात्रियों के लिए भरोसे का पैगाम बनकर उभरा।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान