Bihar News : मुंगेर में स्कूल की छत से गिरकर सातवीं का छात्र गंभीर रूप से हुआ जख्मी, अस्पताल में चल रहा है इलाज
Bihar News : मुंगेर के मुबारकचक स्थित उर्दू मध्य विद्यालय में लंच ब्रेक के दौरान की छत से गिरकर सातवीं कक्षा का 12 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया......पढ़िए आगे
MUNGER : जिले के मुबारकचक स्थित उर्दू मध्य विद्यालय में रविवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां लंच ब्रेक के दौरान विद्यालय की छत से गिरकर सातवीं कक्षा का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र की पहचान मुबारकचक निवासी मोहम्मद फहीम के 12 वर्षीय पुत्र मोहम्मद आहिल राजा के रूप में हुई है, जिसे तुरंत मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को विद्यालय खुला हुआ था और लंच ब्रेक के समय आहिल अन्य बच्चों के साथ स्कूल की छत पर चला गया था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जमीन पर आ गिरा, जिससे विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलने पर विद्यालय के प्रभारी और शिक्षकों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल छात्र को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार छात्र के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे और विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि छत पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे और रेलिंग न होने की वजह से ही यह दर्दनाक हादसा हुआ है।
वहीं, इस मामले में विद्यालय प्रभारी मो. फैजी अली ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। इस दुर्घटना के बाद एक बार फिर सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट