मुंगेर में अंधविश्वास का खौफनाक चेहरा: महिला को 'डायन' बताकर तलवार से किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

मुंगेर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां डायन का आरोप लगाकर पड़ोसी द्वारा एक बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला किया गया है। घटना में घायल महिला का अस्पताल मे इलाज चल रहा है। वहीं आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है...

मुंगेर में अंधविश्वास का खौफनाक चेहरा: महिला को 'डायन' बताकर
डायन का आरोप लगाकर महिला पर जानलेवा हमला- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : जिले से अंधविश्वास का एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौवागढ़ी बजरंगबली नगर में एक महिला को 'डायन' बताकर पड़ोसी ने तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


एक साल पुराने हादसे को लेकर पाल रखी थी रंजिश, गंगा घाट पर हुआ विवाद

पीड़ित महिला कलावती देवी ने अस्पताल में बताया कि करीब एक साल पहले उनके पड़ोसी के बेटे की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई थी। उस दुखद हादसे के बाद से ही पड़ोसी का परिवार अंधविश्वास के चक्कर में कलावती देवी को 'डायन' मानने लगा और उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। सोमवार को जब कलावती देवी अपनी बहू के साथ मनियारचक गंगा घाट पर स्नान करने गई थीं, तभी वहां पड़ोसी परिवार की महिला ने उनसे विवाद शुरू कर दिया।


पहले नदी में डुबाकर मारने का प्रयास, फिर तलवार से किए कई वार

पीड़िता का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पहले उन्हें गंगा नदी के पानी में डुबाकर जान से मारने की कोशिश की गई। जब उन्होंने और उनकी बहू ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी पुरुष तलवार लेकर आ गया और उन पर टूट पड़ा। आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए कलावती देवी पर तलवार से कई ताबड़तोड़ वार किए। इस जानलेवा हमले में महिला के शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म आए हैं और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं।


परिजनों ने सदर अस्पताल में कराया भर्ती, हालत गंभीर

घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख आरोपी वहां से भाग निकले। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से बदहवास परिजन घायल महिला को तुरंत मुंगेर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों की टीम उनका आपातकालीन इलाज कर रही है। महिला के शरीर पर गहरे कटने के निशान हैं और उनकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है।


मुफस्सिल पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी के साथ वारदात में इस्तेमाल तलवार बरामद

अंधविश्वास के नाम पर हुई इस हिंसक वारदात की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस तुरंत एक्टिव मोड में आ गई। थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए छापेमारी कर मुख्य आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी तलवार भी बरामद कर ली है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाकर कानूनी कार्रवाई को मजबूत कर रही है।


इम्तियाज खान की रिपोर्ट