Bihar News : मुंगेर में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, लॉकर तोड़कर 12 लाख के जेवरात और नकदी किया गायब

Bihar News : जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां नीरपुर गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

Bihar News : मुंगेर में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, लॉक
लाखों की चोरी - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां नीरपुर गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस दुस्साहसिक चोरी के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में दहशत और सुरक्षा को लेकर भारी आक्रोश का माहौल है।यह बड़ी चोरी नीरपुर गांव के रहने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक स्वर्गीय शंकर मंडल के घर में हुई। घटना के वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था। दिवंगत शिक्षक की पत्नी बिंदु देवी अपने बेटे के साथ दो दिन पहले लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर गई थीं। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दे डाला।

शुक्रवार की शाम को जब बिंदु देवी अपने बेटे के साथ वापस घर लौटीं, तो मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर जाते ही उनके होश उड़ गए। घर के कमरों में सारा सामान तितर-बितर बिखरा पड़ा था। जब वे अंदर वाले कमरे में गईं तो देखा कि गोदरेज की अलमारी का लॉकर बेरहमी से टूटा हुआ था और उसमें रखे सारे कीमती सामान गायब थे।

पीड़िता बिंदु देवी के अनुसार, चोरों ने लॉकर में रखे करीब 10 से 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और कई अन्य कीमती दस्तावेज़ व सामान बटोर लिए और चंपत हो गए। आशंका जताई जा रही है कि शातिर चोरों ने घर के पिछले हिस्से में बने दरवाजे को कबाड़ा और उसी रास्ते से अंदर दाखिल होकर पूरी तसल्ली से अलमारी को खंगाला।

घर में इतनी बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से घटना की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की धरपकड़ के लिए आस-पास के संदिग्धों से पूछताछ और जांच की कार्रवाई तेज कर दी है।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट