Bihar News : मुंगेर में छठ के नहाय-खाय पर बड़ा हादसा, गंगा स्नान के दौरान डूबे दो युवक, एक सुरक्षित बचाया गया, दूसरा किशोर लापता

Bihar News : मुंगेर में गंगा नदी में स्नान करने गए दो युवक तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में डूबने लगे। हालाँकि स्थानीय ग्रामीणों ने एक युवक की जान बचा ली, जबकि दूसरा 16 वर्षीय किशोर लापता हो गया.....पढ़िए आगे

Bihar News : मुंगेर में छठ के नहाय-खाय पर बड़ा हादसा, गंगा स
गंगा में डूबे युवक - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : लोक आस्था के महापर्व छठ के पहले दिन ही मुंगेर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाय-खाय के दिन गंगा स्नान करने पहुंचे दो युवक तेज धार की चपेट में आकर डूबने लगे। इस दौरान एक युवक को ग्रामीणों ने अपनी तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बचा लिया, जबकि दूसरा युवक गंगा की तेज धार में बहकर लापता हो गया। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं, बेटे के लापता होने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव की है।

मिली जानकारी के अनुसार, शंकरपुर गांव निवासी देवधर ठाकुर का 16 वर्षीय पुत्र रमन कुमार छठ के नहाय-खाय के अवसर पर गंगा स्नान करने पहुंचा था। इसी दौरान गंगा की तेज धार उसे अपने साथ बहाकर गहरे पानी में ले गई। रमन को डूबता देख वहां मौजूद 17 वर्षीय प्रिंस कुमार, पिता उदय राम, उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी गहरे पानी में डूबने लगा। 

हालांकि, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए प्रिंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन रमन का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल के जवान मौके पर पहुंचे और लापता रमन की तलाश शुरू कर दी। गंगा घाट पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। हर किसी की निगाहें बचाव दल पर टिकी हुई हैं। 

छठ जैसे आस्था के महापर्व के पहले दिन हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में छठ महापर्व को लेकर खुशियों और उत्साह का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। 16 वर्षीय रमन के लापता होने की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां और परिवार के अन्य सदस्यों की आंखें अपने लाल की तलाश में लगी हुई हैं। वहीं, पूरे गांव में गम का माहौल है और ग्रामीण रमन के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट