Bihar News: वृद्ध आश्रम की जिम्मेदारी बदली, कर्मचारियों की नौकरी पर लटकी तलवार, 31 मार्च के बाद क्या होगा?

Bihar News:नगर निगम द्वारा संचालित शादीपुर स्थित वृद्ध आश्रम को लेकर बड़ा प्रशासनिक बदलाव सामने आया है।...

Uncertainty at Munger Old Age Home Staff Jobs at Risk After
कर्मचारियों की नौकरी पर लटकी तलवार- फोटो : reporter

Bihar News:नगर निगम द्वारा संचालित शादीपुर स्थित वृद्ध आश्रम को लेकर बड़ा प्रशासनिक बदलाव सामने आया है। अब इस आश्रम की जिम्मेदारी समाज कल्याण विभाग संभालेगा। विभाग की ओर से मुंगेर नगर निगम को पत्र भेजकर साफ कर दिया गया है कि 31 मार्च के बाद वृद्ध आश्रम का संचालन समाज कल्याण विभाग के अधीन होगा।

इस फैसले के बाद आश्रम में काम कर रहे कर्मचारियों के बीच रोजगार को लेकर असमंजस और चिंता का माहौल बन गया है। कर्मचारियों को यह समझ नहीं आ रहा कि जिम्मेदारी बदलने के बाद उनकी नौकरी बरकरार रहेगी या नहीं।

दरअसल, मुंगेर नगर निगम ने करीब तीन महीने पहले 16 दिसंबर को शादीपुर में इस वृद्ध आश्रम की शुरुआत की थी। इसका उद्घाटन महापौर कुमकुम देवी ने किया था। इस आश्रम को बुजुर्गों के लिए सुरक्षित ठिकाना बनाने की योजना थी, जहां 50 लोगों के रहने की क्षमता रखी गई है। हालांकि अभी यहां सिर्फ चार वृद्ध ही रह रहे हैं।

वृद्ध आश्रम के संचालन के लिए फिलहाल नौ कर्मचारी तैनात किए गए हैं। लेकिन जैसे ही यह सूचना सामने आई कि अब इसका संचालन समाज कल्याण विभाग करेगा, कर्मचारियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया।

आश्रम की अधीक्षक प्रिया सिंह ने बताया कि कर्मचारियों के भविष्य को लेकर अभी तक विभाग की ओर से कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि यहां काम करने वाले अधिकांश कर्मचारी निम्न आय वर्ग से आते हैं और उनकी जीविका पूरी तरह इसी नौकरी पर निर्भर है।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह भी है कि कर्मचारियों को ज्वाइन करने के बाद से अब तक वेतन का भुगतान भी नहीं हुआ है। ऐसे में जिम्मेदारी बदलने की खबर से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।कर्मचारियों का कहना है कि यदि संचालन बदल रहा है तो सरकार को उनके भविष्य और रोजगार की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट फैसला लेना चाहिए।फिलहाल सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि 31 मार्च के बाद समाज कल्याण विभाग क्या निर्णय लेता है क्या मौजूदा कर्मचारियों को ही रखा जाएगा या फिर नई व्यवस्था लागू होगी।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान