Bihar News : मुजफ्फरपुर में वज्रपात की चपेट में आने से 2 महीने के मासूम की हुई मौत, इकलौते बेटे की जान जाने से परिजनों में पसरा मातम

Bihar News : मुजफ्फरपुर में बारिश के दौरान हुई वज्रपात से एक परिवार के इकलौते दूधमुहे बच्चे की मौत हो गई है. इस घटना के बाद परिजनों के बीच चीख पुकार मच गई है.....पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर में वज्रपात की चपेट में आने से 2 मही
वज्रपात से 2 महीने के मासूम की मौत- फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां बारिश के दौरान हुए भीषण वज्रपात (आकाशीय बिजली) की चपेट में आने से एक परिवार के महज दो महीने के इकलौते दुधमुंहे बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद मृतक बच्चे के परिजनों में चीख-पुकार मच गई है और पूरे गांव में मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है।

पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरा वाजिद पंचायत के वार्ड संख्या 11 का है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज बारिश के साथ भीषण वज्रपात हुआ। इसी दौरान वार्ड संख्या 11 निवासी सुजीत राय के दो महीने के मासूम बेटे पर आकाशीय बिजली का कहर टूट पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार, सुजीत राय के परिवार में एक बड़ी बेटी के बाद यह दो माह का इकलौता पुत्र था। बेटे का जन्म होने के बाद सुजीत राय ने अपनी पत्नी का स्थायी परिवार नियोजन (ऑपरेशन) भी करा दिया था। ऐसे में अचानक हुए इस हादसे में इकलौते वारिस को खो देने के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

मासूम की मौत की खबर मिलते ही आसपास के सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ सुजीत राय के घर पर जुट गई। इस दुखद घटना से न केवल पीड़ित परिवार बल्कि पूरे सकरा वाजिद गांव के लोगों की आंखें नम हैं। हर कोई कुदरत के इस कठोर फैसले से स्तब्ध है और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने में लगा है। प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से दी जाने वाली आपदा राहत राशि एवं मुआवजा जल्द से जल्द मुहैया कराने की मांग की है।

मणिभूषण की रिपोर्ट