Bihar News : मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा ! ब्रह्मपूजन के दौरान अचानक गिरी पीपल की भारी टहनी, दो बच्चों की मौके पर हुई मौत

Bihar News : मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के मिठनसराय माधोपुर में ब्रह्मपूजन के दौरान अचानक पीपल के टहनी गिरने से दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकी 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं....पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा ! ब्रह्मपूजन के दौरान
दो बच्चों की मौत - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिठनसराय माधोपुर गांव में सोमवार को ब्रह्मपूजन के दौरान एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहां पारंपरिक पूजा-अर्चना के दौरान अचानक पीपल के पेड़ की एक विशाल टहनी गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस अप्रत्याशित घटना के बाद धार्मिक अनुष्ठान वाले स्थल पर अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।

दरअसल, मिठनसराय माधोपुर वार्ड संख्या-11 में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ग्रामीण बेहद श्रद्धाभाव से पीपल के पेड़ के नीचे एकत्र होकर ब्रह्मपूजा कर रहे थे। महिलाएं और बच्चे भी भारी संख्या में वहां मौजूद थे। इसी दौरान बिना किसी आहट के पेड़ की एक सूखी और भारी डाली सीधे नीचे खड़े श्रद्धालुओं पर आ गिरी। मलबे के नीचे दबने से एक छात्र और एक मासूम बच्ची की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं। इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले दोनों बच्चों की पहचान स्थानीय निवासी किशोर साह के 14 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार तथा दिलीप साह की 8 वर्षीय पुत्री अनन्या कुमारी के रूप में की गई है। एक साथ गांव के दो बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल पल भर में मातम में तब्दील हो गया है।

इस प्राकृतिक हादसे में तकरीबन 8 अन्य लोग भी बुरी तरह से जख्मी हुए हैं, जिन्हें स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तुरंत मुजफ्फरपुर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान राजा प्रताप सिंह, हेमंत झा, जंग बहादुर सिंह, संस्कार कुमार, अभिषेक कुमार, काजल कुमारी, ज्योति कुमारी और अंशु कुमारी के रूप में हुई है। ये सभी अहियापुर थाना क्षेत्र के मिठनसराय माधोपुर के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिनमें से कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की भयावहता को देखते हुए अहियापुर थाना पुलिस सूचना मिलते ही दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सक्रिय सहयोग से सभी घायलों को त्वरित इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और दोनों मृत बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया है। अंचल प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर कैंप कर रही है और आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

मणिभूषण की रिपोर्ट