Bihar News : मुजफ्फरपुर में काजल के बाद अब पकड़ी गयी रेखा, 38 किलो गांजा के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा और स्मैक के साथ रेखा कुमारी नामक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला का पति भी नशा तस्कर बताया जा रहा है।

Bihar News : मुजफ्फरपुर में काजल के बाद अब पकड़ी गयी रेखा, 38
तस्करी में महिलाएं - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर शराब के साथ नेहा झा की गिरफ्तारी के बाद बिहार में लगातार नशीले पदार्थों की तस्करी में महिलाओं की संलिप्तता सामने आ रही है। महिलाओं की एक के बाद एक हो रही गिरफ्तारी से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। इस स्थिति को देखते हुए अब मुजफ्फरपुर पुलिस ने महिला नशा तस्करों पर अपनी पैनी नजर बना ली है।

इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर के पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर पूरे जिले में सूखे नशे के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। दो दिन पूर्व ही सिलचर से नशे की बड़ी खेप लेकर मुजफ्फरपुर पहुंची काजल कुमारी को तुर्की थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस घटना के महज दो दिन बाद पुलिस को महिला तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है।

सिकंदरपुर ओपी थाना प्रभारी ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के मुक्तिधाम के समीप छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में गांजा और स्मैक के साथ रेखा कुमारी नामक युवती को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार युवती का पति भी इलाके का एक बड़ा नशा तस्कर बताया जा रहा है।

पूरे मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि सिकंदरपुर ओपी पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है। गांजा और स्मैक के साथ पकड़ी गई आरोपी महिला रेखा कुमारी से सघन पूछताछ की गई है, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले में पुलिस अब महिला तस्कर के नेटवर्क, उसके पति की भूमिका और नशे के इस व्यापार से जुड़े अन्य गिरोहों का पता लगाने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट