Bihar Crime : दो पतियों को छोड़ने के बाद प्रेमी संग रह रही थी महिला, चौथे पुरुष से संबंध के शक में प्रेमी ने की मां और 6 साल के बेटे की हत्या
Bihar Crime : मृतक महिला के कथित प्रेम ने उसकी और उसके 6 वर्षीय मासूम बेटे की जान ले ली. मृतक महिला के कथित प्रेमी ने ही वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है....पढ़िए आगे
MUZAFFARPUR : जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी परिसर की झाड़ियों से एक महिला और उसके 6 वर्षीय मासूम बच्चे का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोहरा हत्याकांड का त्वरित खुलासा करते हुए महिला के मुख्य आरोपी कथित प्रेमी विकास कुमार और उसके पिता हरि पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक महिला की पहचान कांटी थाना क्षेत्र की निवासी मंजू देवी और उसके 6 वर्षीय पुत्र आर्यन कुमार के रूप में हुई है, जो अपने घर से अचानक लापता हो गए थे।
झाड़ियों से बरामद हुआ शव
मामले की शुरुआत 27 जुलाई को हुई, जब पुलिस ने एनटीपीसी की झाड़ियों से महिला का आधा सड़ा हुआ शव बरामद किया। घटनास्थल से खून लगे कपड़े, बच्चे की चप्पल और टी-शर्ट मिलने पर पुलिस को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर डीएसपी वेस्ट वन सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। एफ़एसएल की टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर पुलिस ने 31 जुलाई को नामजद आरोपी हरि पासवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बच्चे का भी शव बरामद
महिला का शव मिलने के ठीक 6 दिनों बाद शनिवार की शाम, पुलिस ने झाड़ियों में थोड़ी ही दूरी पर उसके 6 वर्षीय बेटे आर्यन कुमार का शव भी बरामद कर लिया। बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी और मृतक के प्रेमी विकास कुमार को गिरफ्तार किया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने दोहरे हत्याकांड का खौफनाक सच उगल दिया, जिसे सुनकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए।
आरोपी ने किया खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपी विकास ने खुलासा किया कि मंजू के दो पति छोड़ने के बाद वह अपने मासूम बच्चे को लेकर उसके साथ ही रह रही थी। हालांकि, विकास को संदेह था कि उसका किसी चौथे व्यक्ति के साथ भी प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी शक और जलन में उसने मंजू को मिलने के बहाने एनटीपीसी की झाड़ियों में बुलाया और उसकी हत्या कर दी। हत्या के दौरान 6 वर्षीय मासूम आर्यन रोने लगा, जिसके बाद पहचान उजागर होने और राज खुलने के डर से आरोपी ने मासूम बच्चे को भी मौत के घाट उतार दिया और शव को छुपाकर फरार हो गया।
आरोपी ने जुर्म कबूला
मामले की पुष्टि करते हुए ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अकेले ही इस पूरी वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। पूछताछ की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्य आरोपी विकास कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी कर रही है।
मणिभूषण की रिपोर्ट