Bihar News:1100 की पेंशन लेने पहुंचे बुजुर्ग, खाते में 7 अरब रुपये जानकर बेहोश होने से बचे, CSP में मचा हड़कंप, बैंक बोला- सिस्टम का खेल

Bihar News: मुजफ्फरपुर जिले के सकरा प्रखंड में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने कुछ देर के लिए लोगों को हैरत में डाल दिया।..

Bihar Pensioner Sees 7 Billion Balance in Bank Glitch
खाते में 7 अरब रुपये - फोटो : reporter

Bihar News: मुजफ्फरपुर जिले के सकरा प्रखंड में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने कुछ देर के लिए लोगों को हैरत में डाल दिया। महज 1100 रुपये की पेंशन लेने पहुंचे एक बुजुर्ग और उनके बेटे के बैंक खाते में अचानक 7 अरब 59 करोड़ 69 लाख 51 हजार 951 रुपये का बैलेंस दिखाई देने लगा। यह नजारा देखते ही सीएसपी केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग लैपटॉप की स्क्रीन देखने के लिए जुट गए।

घटना सकरा प्रखंड की रूपनपट्टी मथुरापुर पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित सुप्रिया सीएसपी केंद्र की है। गांव के निवासी कामेश्वर मिश्र अपने पुत्र मनोज कुमार मिश्र के साथ सरकार की ओर से मिलने वाली 1100 रुपये की पेंशन निकालने पहुंचे थे। जब सीएसपी संचालक ने दोनों के बैंक खाते खोले तो स्क्रीन पर अरबों रुपये का बैलेंस देखकर वह खुद भी दंग रह गया। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

हालांकि कुछ मिनट बाद जब सीएसपी संचालक ने दोनों खातों को दोबारा ओपन किया तो बैलेंस पूरी तरह सामान्य दिखाई दिया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली और माना कि यह बैंक के सर्वर या सॉफ्टवेयर की तकनीकी गड़बड़ी थी।

बैंक अधिकारियों ने भी पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा कि पिछले कुछ दिनों से बैंकिंग सॉफ्टवेयर में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिसकी वजह से कुछ खातों में गलत बैलेंस दिखाई दे रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह केवल सिस्टम की त्रुटि है और जल्द ही इसे पूरी तरह ठीक कर लिया जाएगा।

वहीं, कामेश्वर मिश्र ने बताया कि खाते में अरबों रुपये देखकर वह और उनका बेटा दोनों घबरा गए थे। लेकिन दोबारा खाता खुलने पर सब कुछ सामान्य मिला, जिसके बाद स्पष्ट हो गया कि यह केवल तकनीकी गड़बड़ी थी। फिलहाल यह अनोखी घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा