Bihar News : बिहार स्टेट एमेच्योर बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 का मुजफ्फरपुर में हुआ समापन, बेगूसराय बना ओवरऑल चैंपियन, मुजफ्फरपुर रहा रनर-अप

Bihar News : मुजफ्फरपुर में 25 से 27 अगस्त तक आयोजित 'बिहार स्टेट एमेच्योर बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026' का भव्य और सफलतापूर्वक समापन हो गया।

Bihar News : बिहार स्टेट एमेच्योर बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 क
एमेच्योर बॉक्सिंग चैंपियनशिप का समापन - फोटो : SOCIAL MEDIA

MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर में 25 से 27 अगस्त तक आयोजित बिहार स्टेट एमेच्योर बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 का भव्य एवं सफलतापूर्वक समापन हुआ। बिहार के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभाशाली बॉक्सरों ने जूनियर, सब-जूनियर एवं सीनियर वर्गों के विभिन्न भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

समापन दिवस पर आयोजित फाइनल मुकाबलों का शुभारंभ सीतामढ़ी के सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करता है। उन्होंने बिहार के खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए भविष्य में उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। 

प्रतियोगिता के विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में विजेता एवं उपविजेता रहे खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब बेगूसराय जिला बॉक्सिंग टीम ने अपने नाम किया, जबकि मुजफ्फरपुर जिला टीम रनर-अप रही। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार ने उपस्थित होकर विजेता एवं पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। ओवरऑल चैंपियन बेगूसराय जिला टीम के खिलाड़ियों को चैंपियनशिप ट्रॉफी बिहार एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन के वाइस प्रेसिडेंट एवं आयोजन समिति के चेयरमैन धीरज कुमार पांडे तथा जनरल सेक्रेटरी हिमांशु दूबे ने संयुक्त रूप से प्रदान कीया। मौके पर मुजफ्फरपुर जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना ठाकुर, पटना जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री नित्यानंद ओझा सहित अन्य गणमान्य अतिथि, बॉक्सिंग जगत से जुड़े पदाधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

तीन दिनों तक चले इस राज्यस्तरीय आयोजन ने बिहार में बॉक्सिंग के बढ़ते प्रभाव, खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल के प्रति युवाओं के बढ़ते उत्साह को प्रदर्शित किया। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, पदाधिकारियों, जिला संघों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन समिति ने कहा कि इस तरह की राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं बिहार के खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करती हैं। वहीं, वर्ल्ड बॉक्सिंग डे के अवसर पर सभी खिलाड़ियों एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों के साथ केक काटकर विश्व बॉक्सिंग दिवस भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर ने चैंपियनशिप के समापन समारोह को और भी यादगार बना दिया।