Bihar Crime : खाकी की आड़ में नकली नोटों का खेल! बिहार STF ने रिटायर्ड होमगार्ड जवान सहित 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार, लाखों के जाली नोट किया बरामद
Bihar Crime : बिहार एसटीएफ और मुजफ्फरपुर जिला पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर जाली नोटों का अवैध कारोबार करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है।
MUZAFFARPUR : बिहार एसटीएफ और मुजफ्फरपुर जिला पुलिस ने एक संयुक्त अभियान चलाकर जाली नोटों का अवैध कारोबार करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक रिटायर्ड होमगार्ड जवान समेत गिरोह के छह सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹71,200 मूल्य के जाली भारतीय नोट और अन्य सामग्री जब्त की है।
जाली नोटों के साथ 'मनोरंजन बैंक' के नोट और खाकी वर्दी बरामद
मोतीपुर बस स्टैंड पर हुई इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने असली भारतीय करेंसी जैसे दिखने वाले बच्चों के मनोरंजन वाले नकली नोट भी भारी मात्रा में बरामद किए। 'भारतीय मनोरंजन बैंक' लिखे इन नोटों में 500 रुपये के 1,311 नोट, 200 रुपये के 1,184 नोट और 100 रुपये के 1,153 नोट शामिल हैं, जिनकी कुल अंकित राशि ₹1,07,600 है। इसके अलावा पुलिस ने मौके से बिहार होमगार्ड के बैज लगी खाकी वर्दी, टोपी, 'पुलिस' लिखी एक स्कॉर्पियो गाड़ी और 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
नोट डबल करने और ठगी का अनोखा मोड्स ऑपरेंडी
जांच में खुलासा हुआ कि इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड रिटायर्ड होमगार्ड जवान सुरेश राय था। गिरोह के सदस्य पहले आम लोगों को पैसे दोगुने करने का लालच देते थे। जब पीड़ित झांसे में आ जाता था, तब सुरेश राय खाकी वर्दी पहनकर और 'पुलिस' लिखी स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचता था। वह पुलिसिया रौब दिखाते हुए पीड़ित को केस में फंसाने की धमकी देता था और फिर मामला रफा-दफा करने के नाम पर पीड़ित से असली नकदी ऐंठ लेता था।
मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मुख्य सरगना व रिटायर्ड होमगार्ड जवान सुरेश राय के अलावा मो. साबिर, कृष्णा पटेल, राहुल सिंह, साधु साहनी और बीरेन्द्र पासवान के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस क्षेत्र में भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बना रहे थे, लेकिन एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की सतर्कता से उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया गया।
कॉल डिटेल और नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
फिलहाल मुजफ्फरपुर पुलिस गिरफ्तार सभी छह आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जाली नोटों की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे किन-किन इलाकों में खपाने की योजना थी। इसके साथ ही जब्त किए गए मोबाइल फोनों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकाली जा रही है, ताकि इस अंतरजिला गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों और जाली नोटों के मुख्य सप्लायरों तक पहुँचा जा सके।
मणिभूषण की रिपोर्ट