Muzaffarpur News: 3 करोड़ की चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नेपाल से यूपी भेजी जा रही थी खेप

बिहार STF और मुजफ्फरपुर DRI की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का बड़ा खुलासा, नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर मेमू ट्रेन से करीब 3 करोड़ रुपये मूल्य की 3 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार। नेपाल से यूपी के फिरोजाबाद भेजी जा रही थी

Bihar STF DRI operation charas seizure
अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह का पर्दाफाश, तीन करोड़ की चरस जब्त- फोटो : Reporter

बिहार एसटीएफ और मुजफ्फरपुर डीआरआई (DRI) की टीम ने एक संयुक्त और सफल कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य की उच्च कोटि की चरस के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।


गुप्त सूचना पर ट्रेन में की गई छापेमारी

गुप्त सूचना के आधार पर बिहार एसटीएफ और डीआरआई की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा से लेकर कई दुर्गम क्षेत्रों में दो दिनों तक कड़ी निगरानी रखी थी। इसके बाद 18 अक्टूबर की सुबह टीम को पुख्ता सूचना मिली कि बापूधाम मोतिहारी से मुजफ्फरपुर आ रही नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर मेमू ट्रेन से भारी मात्रा में मादक पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है।


मुजफ्फरपुर स्टेशन पर दबोचा गया तस्कर

सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर जाल बिछाया और मेमू ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही एक संदिग्ध यात्री को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 3 किलो चरस बरामद की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जब्द की गई चरस की अनुमानित कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये आंकी गई है।


नेपाल से यूपी ले जाने की थी योजना और दूसरा तस्कर गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान पकड़े गए तस्कर ने खुलासा किया कि इस चरस की खेप को नेपाल से लाया गया था और इसे उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पहुंचाया जाना था। गिरफ्तार तस्कर की निशानदेही पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल बॉर्डर के समीप से एक और तस्कर (आपूर्तिकर्ता) को धर दबोचा। फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मुजफ्फरपुर से मणिभूषण की रिपोर्ट