सावधान! रील के चक्कर में जान जोखिम में: नकाबपोश लुटेरों ने हाईवे पर फैलाई दहशत, फायरिंग कर छात्र से लूटी खुशियां

एनएच किनारे रील बना रहे एक आईटीआई छात्र से तीन नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर उसकी बाइक लूट ली। विरोध करने पर अपराधियों ने छात्र के साथ मारपीट की और दहशत फैलाने के लिए गोली भी चलाई।

सावधान! रील के चक्कर में जान जोखिम में: नकाबपोश लुटेरों ने ह

Muzaffarpur - बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने दिनदहाड़े फायरिंग कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। तुर्की थाना क्षेत्र में एनएच किनारे रील बना रहे एक आईटीआई छात्र से तीन नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर उसकी बाइक लूट ली। विरोध करने पर अपराधियों ने छात्र के साथ मारपीट की और दहशत फैलाने के लिए गोली भी चलाई। 

एनएच किनारे रील बनाना पड़ा भारी

घटना मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना क्षेत्र के मधौल मठ के समीप न्यू बाईपास की है। पीड़ित छात्र शिवम कुमार, जो मूल रूप से गायघाट का रहने वाला है, मुजफ्फरपुर में रहकर आईटीआई की पढ़ाई करता है। बुधवार को वह अपने एक दोस्त के साथ मुजफ्फरपुर से घर लौट रहा था। इसी दौरान मधौल के पास वे दोनों रुककर सड़क किनारे सोशल मीडिया के लिए रील बनाने लगे। 

विरोध करने पर चलाई गोली

शिवम के अनुसार, रील बनाने के दौरान एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे। अपराधियों ने तुरंत बाइक की चाबी मांगी। जब शिवम ने चाबी देने से इनकार किया, तो अपराधियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। छात्र ने फिर भी साहस दिखाते हुए विरोध किया, तो अपराधियों ने तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर छात्र डर गया, जिसके बाद अपराधी उसकी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। 

मौके से पुलिस ने बरामद किया खोखा

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत तुर्की थाना पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से एक खोखा बरामद किया है, जो अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग की पुष्टि करता है। 

पुलिस की कार्रवाई

थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पीड़ित छात्र द्वारा आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Report - Mani bhushan sharma