Bihar News: सवारियों से भरी नाव बागमती की उपधारा में समाई, 14 लोगों की बचाई गई जान, किशोरी लापता
Bihar News: बागमती नदी की दक्षिणी उपधारा में बड़ा नाव हादसा हो गया।
Bihar News: मुजफ्फरपुर औराई थाना क्षेत्र में बागमती नदी की दक्षिणी उपधारा में बड़ा नाव हादसा हो गया। महेशवारा पंचायत के देवरा धर्मपुर गांव के समीप करीब 9 बजे मवेशियों के लिए चारा लेकर लौट रही 15 लोगों से भरी नाव अचानक नदी में डूब गई। नाव के डूबते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद नाव पर सवार 14 लोग किसी तरह तैरकर और स्थानीय लोगों की मदद से नदी से बाहर निकल आए, लेकिन 15 वर्षीय किशोरी रानी कुमारी लापता हो गई। रानी कुमारी होरिल पासवान की पुत्री बताई गई है। परिजनों और ग्रामीणों में घटना के बाद बेचैनी का माहौल है।
महेशवारा पंचायत के मुखिया रामस्वार्थ राम ने बताया कि नाव पर सवार 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि रानी का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है।
अंचलाधिकारी धीरज कुमार के मुताबिक, लापता किशोरी की तलाश के लिए गोताखोरों को घटनास्थल पर भेजा गया है। औराई थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की छानबीन कर रही है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से बागमती की धार में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि तलाशी अभियान को तेज किया जा सके।
बताया जाता है कि बागमती बांध के अंदर बसे इलाकों में रहने वाले पशुपालक किसान अक्सर नाव के सहारे मवेशियों के लिए चारा लाने-ले जाने का काम करते हैं। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह यह हादसा हुआ। नाव डूबने की खबर फैलते ही देवरा धर्मपुर और आसपास के गांवों में लोगों की भीड़ जुट गई। प्रशासन और बचाव दल लापता किशोरी की तलाश में लगातार अभियान चला रहे हैं।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा