Bihar News : मुजफ्फरपुर के रेड लाइट एरिया में नर्तकी का फंदे से लटकता मिला शव, जांच में जुटी FSL और पुलिस टीम

Bihar News : मुजफ्फरपुर के रेड लाइट एरिया में उस समय हड़कंप मच गया. जब एक नर्तकी का शव फंदे से झूलते हुए लोगों ने देखा...पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर के रेड लाइट एरिया में नर्तकी का फंदे
नर्तकी ने की ख़ुदकुशी - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR :  जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित शुक्ला रोड रेड लाइट इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किराए के मकान से नर्तकी का शव फंदे से झूलता हुआ बरामद हुआ। मृतका की पहचान मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है, जो पिछले 5 वर्षों से यहां रहकर नाच-गाने का काम करती थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए टाउन डीएसपी-1 सुरेश कुमार और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया। एफएसएल की टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया।

जानकारी के मुताबिक, मृतका मुस्कान कुमारी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली थी। वह मुजफ्फरपुर के शुक्ला रोड में किराए के कमरे में अकेले रहती थी, जबकि उसका एक छोटा बेटा लखनऊ में उसके मायके में रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार की रात को जब कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला, तो संदेह होने पर झांक कर देखा गया, जहां उसका शव पंखे से लटके फंदे पर झूल रहा था।

मामले की जानकारी देते हुए टाउन डीएसपी-1 सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को रेड लाइट एरिया में एक नर्तकी द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया है और सभी संभावित तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए आत्महत्या और अन्य सभी पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मृतका के परिजनों को लखनऊ में घटना की सूचना दे दी है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, अचानक हुई इस घटना से इलाके में कई तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए पुलिस आसपास के लोगों और सहकर्मियों से पूछताछ कर मामले की कड़ी जोड़ने में जुटी है।

मणिभूषण की रिपोर्ट