Chhath Puja 2026: जेल की चारदीवारी में गूंजेगा छठी मैया का जयकारा, महिला-पुरुष बंदी करेंगे महापर्व, तैयारी देख रह जाएंगे हैरान
Chhath Puja 2026: बिहार में लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर चारों तरफ भक्ति और श्रद्धा का माहौल है। ...
Chhath Puja 2026: बिहार में लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर चारों तरफ भक्ति और श्रद्धा का माहौल है। घाटों से लेकर घरों तक छठी मैया के स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। लेकिन इस बार मुजफ्फरपुर से एक ऐसी तस्वीर सामने आ रही है, जो हर किसी को हैरान कर देगी। यहां जेल की ऊंची चारदीवारी के पीछे भी छठी मैया की भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। सलाखों के पीछे बंद कैदी भी पूरी आस्था और विश्वास के साथ छठ महापर्व मनाने की तैयारी में जुटे हैं।
मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में इस बार कुल 98 बंदी छठ व्रत करेंगे। इनमें 51 महिला और 47 पुरुष बंदी शामिल हैं। जेल परिसर के भीतर ही छठ पूजा की तमाम तैयारियां की जा रही हैं। जेल में बने पोखर की साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम तेजी से कराया जा रहा है, ताकि व्रतियों को पूजा-अर्चना और सूर्यदेव को अर्घ्य देने में किसी तरह की परेशानी न हो।
जेल प्रशासन भी इस आयोजन को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। जेल सुपरिंटेंडेंट के मुताबिक, बंदियों की धार्मिक आस्था और परंपराओं का सम्मान करते हुए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। कोशिश है कि जेल के भीतर रहने वाले व्रतियों को भी छठ पर्व के दौरान घर-परिवार जैसा धार्मिक माहौल मिल सके।
दूसरी तरफ, मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन भी छठ घाटों की व्यवस्था को लेकर पूरी मुस्तैदी दिखा रहा है। जिलाधिकारी कुमार गौरव स्वयं तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा और व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।खास बात यह है कि छठ का यह महापर्व जेल की दीवारों के भीतर भी आस्था की लौ जलाएगा। यह आयोजन संदेश देता है कि इंसान चाहे कहीं भी हो, उसकी श्रद्धा और विश्वास की डोर कमजोर नहीं पड़ती।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा