मुजफ्फरपुर में सीएम सम्राट का भव्य स्वागत, कांटी विधायक अजीत कुमार ने भेंट किया अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ

Bihar News : मुजफ्फरपुर के बरूराज विधानसभा क्षेत्र के परसौनीनाथ में मंगलवार को आयोजित विशेष 'सहयोग शिविर' में सीएम सम्राट चौधरी पहुंचे। जहां कांटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ई. अजीत कुमार ने उनका भव्य स्वागत किया....

मुजफ्फरपुर में सीएम सम्राट का भव्य स्वागत, कांटी विधायक अजीत
मुजफ्फरपुर में सीएम का स्वागत- फोटो : धीरज सिंह

Muzaffarpur : जिले के बरूराज विधानसभा क्षेत्र के परसौनीनाथ में मंगलवार को आयोजित विशेष 'सहयोग शिविर' में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आगमन हुआ। इस गरिमामयी अवसर पर कांटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत और हार्दिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और विधायक के बीच क्षेत्र के विकास और किसानों के हितों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई, जिससे पूरे उत्तर बिहार के किसानों में उत्साह का माहौल है।


मोतीपुर चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की पहल से किसानों में जगी आस

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए कांटी विधायक ई. अजीत कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा मोतीपुर चीनी मिल को पुनः संचालित करने की दिशा में की गई सकारात्मक पहल और दी गई सहमति बेहद ऐतिहासिक है। यह मुजफ्फरपुर सहित आस-पास के कई जिलों के हजारों गन्ना किसानों के लिए अत्यंत सुखदायक, कल्याणकारी और आशाजनक समाचार है। उन्होंने कहा कि मिल के चालू होने से बंद पड़े रोजगार के अवसर फिर खुलेंगे और किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण में यह निर्णय बहुत बड़ी भूमिका निभाएगा।


मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार से भी की शिष्टाचार मुलाकात

इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान कांटी विधायक अजीत कुमार ने बिहार प्रशासनिक सेवा और पुलिस महकमे के शीर्ष अधिकारियों से भी संवाद स्थापित किया। उन्होंने बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार से अत्यंत आत्मीय, स्नेहपूर्ण और शिष्टाचार मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रही विभिन्न सरकारी विकास योजनाओं की गति और स्थानीय विधि-व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) को और सुदृढ़ बनाने के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया।


केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों और विधायकों का जुटा भारी जमघट

परसौनीनाथ में आयोजित इस सहयोग शिविर में बिहार सरकार के मंत्रियों और दिग्गज राजनेताओं का भारी जमघट देखने को मिला। मंच पर राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, मंत्री रमा निषाद, स्थानीय सांसद वीणा देवी, विधायक अरुण सिंह, राजू सिंह, रंजन कुमार, अजय कुमार कुशवाहा, बेबी कुमारी और विधान पार्षद दिनेश प्रसाद सिंह सहित अनेक शीर्ष जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस दौरान पूरा परिसर एनडीए कार्यकर्ताओं और स्थानीय किसानों के गगनभेदी नारों से गूंजता रहा।


सुशासन और जनकल्याण के संकल्प के साथ संपन्न हुआ भव्य सहयोग शिविर 

सहयोग शिविर के सफल आयोजन और मुख्यमंत्री सहित सभी वीआईपी मेहमानों के आगमन को लेकर मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी (DM) सुब्रत कुमार सेन द्वारा मंच से औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन किया गया। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्यक्रम के समापन पर विधायक अजीत कुमार ने भरोसा जताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सशक्त मार्गदर्शन में बिहार विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा तथा राज्य की प्रगति और अधिक तीव्र गति प्राप्त करेगी।


धीरज सिंह की रिपोर्ट