Bihar News: सिलेंडर ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी, चूल्हे की चिंगारी बनी आग का शोला, आधा दर्जन घर राख, लाखों की संपत्ति स्वाहा

Bihar News: खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे मोहल्ले को आग की लपटों में झोंक दिया।...

Cylinder Blast Sparks Massive Fire Six Houses Gutted
सिलेंडर ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी- फोटो : reporter

Bihar News: मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जब खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे मोहल्ले को आग की लपटों में झोंक दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आधा दर्जन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई।

घटना करजा थाना क्षेत्र की भटौना पंचायत के गोपालपुर वार्ड संख्या-6 की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक घर में भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सिलेंडर विस्फोट के बाद उठी आग की लपटें तेजी से आसपास के घरों तक पहुंच गईं और देखते ही देखते कई मकान आग की गिरफ्त में आ गए।

आग इतनी भयावह थी कि लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागने लगे। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग चीखते-चिल्लाते सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। कुछ लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों और धुएं के कारण हालात लगातार बिगड़ते चले गए।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम सायरन बजाती हुई मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने घंटों तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका, जिससे आसपास के अन्य घरों को बड़ी क्षति से बचा लिया गया।

हालांकि तब तक आधा दर्जन घरों में रखा फर्नीचर, कपड़े, अनाज, घरेलू सामान और अन्य कीमती वस्तुएं जलकर खाक हो चुकी थीं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कराया जा रहा है, जबकि प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन मामले की जांच में जुटा है तथा विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा