Bihar News : मुजफ्फरपुर में करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की हुई मौत, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का लगाया आरोप

Bihar News : मुजफ्फरपुर में करंट की चपेट में आने से 65 वर्षीय महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है........पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर में करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग
महिला की मौत - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत औराई थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहाँ के जनार गांव में दोपहर के समय बिजली का करंट लगने से एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है और स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।

पैर फिसलने से करंट वाले पानी की चपेट में आईं नंदनी देवी

मृतक महिला की पहचान जनार गांव के रहने वाले बृजनंदन महतो की 65 वर्षीय पत्नी नंदनी देवी के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, नंदनी देवी दोपहर के समय किसी काम से गांव में ही बाहर निकली थीं। उसी दौरान गांव में स्थित बिजली के एक पोल के अर्थिंग तार में करंट उतर आया था। हाल ही में हुई बारिश के कारण पोल के आसपास पानी जमा था, जहां अचानक पैर फिसलने की वजह से वह सीधे करंट की चपेट में आ गईं।

मौके पर ही थमीं सांसें, जांच में जुटी पुलिस

करेंट का झटका इतना जोरदार था कि बुजुर्ग महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी तड़पकर मौत हो गई। घटना की भनक लगते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद बेदौल ओपी (आउटपोस्ट) की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मामले की छानबीन करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच (SKMCH) अस्पताल भेज दिया है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में मातम

इस असमय और दर्दनाक हादसे के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नंदनी देवी के घर और पूरे जनार गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों को ढांढस बंधाने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंच रहे हैं। हर कोई इस बात से स्तब्ध है कि एक छोटी सी लापरवाही ने हंसते-खेलते परिवार की बुजुर्ग महिला को उनसे हमेशा के लिए छीन लिया।

"नंगे तारों को खुला छोड़ना बड़ी लापरवाही"— ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

मीडिया से बातचीत के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि यह पूरी तरह से बिजली विभाग की घोर लापरवाही का नतीजा है। इलाके में कई जगहों पर नंगे तार और जर्जर पोल बिना किसी सुरक्षा घेरे के छोड़ दिए गए हैं, जिन पर विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों ने मांग की है कि दोषी कर्मियों पर कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिले।

मणिभूषण की रिपोर्ट