मुजफ्फरपुर में इथेनॉल टैंकर में रिसाव से मचा हड़कंप, सड़क पर लगा ऑपरेशन सील, खाली कराया इलाका

Bihar News:: इथेनॉल से लदे एक टैंकर से अचानक रिसाव शुरू हो गया।टैंकर से ज्वलनशील पदार्थ के रिसाव की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन ने एहतियातन मोर्चा संभाल लिया।..

Ethanol Tanker Leak Sparks Panic Area Sealed
इथेनॉल टैंकर में रिसाव से मचा हड़कंप- फोटो : reporter

Bihar News: मुजफ्फरपुर में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब इथेनॉल से लदे एक टैंकर से अचानक रिसाव शुरू हो गया। मामला गरहा थाना क्षेत्र के पटियासा चौक के समीप मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन का है। टैंकर से ज्वलनशील पदार्थ के रिसाव की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन ने एहतियातन मोर्चा संभाल लिया।

जानकारी के मुताबिक, टैंकर यूपी से इथेनॉल लोड कर रूमालीगंज की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पटियासा चौक के पास टैंकर में अचानक रिसाव शुरू हो गया। ज्वलनशील पदार्थ सड़क पर गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में खलबली मच गई। किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने फौरन सुरक्षा घेरा तैयार किया।

सूचना मिलते ही गरहा थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में लेने की कमान संभाली। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाकों को खाली कराया गया, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके। साथ ही मुजफ्फरपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए रखी। पुलिस और दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से स्थिति को नियंत्रित किया गया। इसके बाद टैंकर के रिसाव को दुरुस्त कराया गया और खतरा टलने के बाद इथेनॉल लदा टैंकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया।फिलहाल पूरे घटनाक्रम में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन ज्वलनशील इथेनॉल के रिसाव ने कुछ देर के लिए फोरलेन पर सुरक्षा व्यवस्था की परीक्षा जरूर ले ली।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा