Bihar News: दो सिलेंडरों में धमाका से लगी भीषण आग, एक व्यक्ति झुलसा, इलाके में अफरा-तफरी

Bihar News: खाना बनाने के दौरान एक के बाद एक दो गैस सिलेंडरों में जोरदार विस्फोट हो गया।...

Fire After Twin Cylinder Explosions One Burned
दो सिलेंडरों में धमाका से लगी भीषण आग- फोटो : reporter

Bihar News: खाना बनाने के दौरान एक के बाद एक दो गैस सिलेंडरों में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और देखते ही देखते आग की लपटों ने घर को अपने आगोश में ले लिया। चंद मिनटों में ही लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई।

हादसा मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के धरहरवा गांव के वार्ड संख्या 12 स्थित मुकेश पंडित के घर में हुआ। बताया जाता है कि शाम के वक्त रसोई में खाना बन रहा था, तभी अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। शुरुआत में गृहस्वामी मुकेश पंडित ने हिम्मत दिखाते हुए खुद आग बुझाने की कोशिश की, मगर आग ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया। आग पर काबू पाने की जद्दोजहद के दौरान मुकेश पंडित झुलसकर जख्मी भी हो गए।

इसी बीच हालात और बिगड़ गए। एक के बाद एक दो सिलेंडरों में तेज धमाका हुआ, जिससे पूरा मकान हिल उठा। धमाके के साथ ही आग और भड़क गई तथा रसोई से निकलकर पूरे घर में फैल गई। देखते ही देखते घर का सारा सामान फर्नीचर, कपड़े, जरूरी कागजात और घरेलू सामान लपटों की भेंट चढ़ गया। पड़ोसियों में दहशत फैल गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

मामले की इत्तिला मिलते ही साहेबगंज और पारू थाने में तैनात अग्निशमन विभाग की टीम फौरन मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। घर का अधिकांश हिस्सा जलकर खाक हो चुका था और लाखों रुपये के नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सिलेंडर विस्फोट की सूचना मिलते ही टीम रवाना कर दी गई थी। मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया गया और तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास के घरों को बड़ी तबाही से बचा लिया गया।

घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। लोग सहमे हुए हैं और सिलेंडर सुरक्षा को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करते समय एहतियात बरतें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल दमकल विभाग को सूचना दें। फिलहाल घायल मुकेश पंडित का इलाज जारी है और परिवार गहरे सदमे में है।

रिपोर्टर- मनी भूषण शर्मा