मुजफ्फरपुर में बस स्टैंड में खड़ी यात्री बस धू-धू कर जली, यात्रियों में मची भगदड़
Bihar News: मुजफ्फरपुर के बैरिया बस स्टैंड पर रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्टैंड परिसर में खड़ी एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। ...
Bihar News: मुजफ्फरपुर के बैरिया बस स्टैंड पर रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्टैंड परिसर में खड़ी एक यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। आग की ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार से आसपास का इलाका भर गया।बस में आग लगते ही स्टैंड पर मौजूद यात्रियों और बस कर्मियों में हड़कंप मच गया। आग फैलने के डर से लोग इधर-उधर भागने लगे। इस बीच आसपास खड़ी दूसरी बसों के चालकों और कर्मियों ने फौरन मोर्चा संभाला और अपनी-अपनी गाड़ियों को घटनास्थल से दूर हटा दिया। उनकी इस तत्परता से आग के दूसरी बसों तक पहुंचने का खतरा टल गया और एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने के अभियान में जुट गई। काफी मशक्कत के बाद आग की लपटों पर काबू पाया गया।राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने के वक्त बस में कोई यात्री मौजूद था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
बैरिया बस स्टैंड उत्तर बिहार के प्रमुख परिवहन केंद्रों में शामिल है। यहां से बिहार के विभिन्न जिलों के अलावा दूसरे राज्यों के लिए भी बड़ी संख्या में बसों का परिचालन होता है। ऐसे महत्वपूर्ण बस पड़ाव पर आग लगने की घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। घटना के कारण कुछ समय के लिए बस परिचालन और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा