Bihar News: फ्लिपकार्ट की पार्सल वैन में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
Bihar News: बीच सड़क पर फ्लिपकार्ट कूरियर सर्विस की पार्सल पिकअप वैन धू-धूकर जलने लगी।
Bihar News: फ्लिपकार्ट कूरियर सर्विस की पार्सल पिकअप वैन धू-धूकर जलने लगी। मुजफ्फरपुर में शुक्रवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा चौक के पास फ्लिपकार्ट कूरियर सर्विस की पार्सल पिकअप वैन धू-धूकर जलने लगी। देखते ही देखते आग ने गाड़ी के पिछले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और उसमें लदे सैकड़ों पार्सल जलकर राख हो गए। हादसे में वैन का करीब आधा हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पार्सलों में ग्राहकों के कीमती सामान होने की बात सामने आई है, जिससे नुकसान का आंकड़ा लाखों रुपये में पहुंचने की आशंका है।हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है। स्थानीय स्तर पर शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बताया गया कि पिकअप वैन पार्सल लेकर नरसंडा चौक के समीप पहुंची थी। चालक ने गाड़ी को लॉक किया और वहां से चला गया। कुछ ही देर बाद अचानक वैन के पिछले हिस्से से तेज आग की लपटें और काला धुआं उठने लगा।आग देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों राकेश साह और संजय के मुताबिक वैन में फ्लिपकार्ट के सैकड़ों कूरियर पार्सल लदे थे। आग तेजी से फैलती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल कांटी थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कांटी थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय युवाओं की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।हालांकि जब तक आग पूरी तरह बुझाई गई, तब तक वैन का करीब आधा हिस्सा जल चुका था। आग शांत होने के बाद अंदर का मंजर देखकर लोगों के होश उड़ गए। कई पार्सल पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे, जबकि कुछ सामान सुरक्षित बचा लिया गया।
हादसे के बाद वीरेंद्र ने बताया कि फ्लिपकार्ट का एक कर्मचारी भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर बताया गया कि वैन में ग्राहकों के बड़ी संख्या में कीमती सामान मौजूद थे। आग में सामान जलने से कंपनी के साथ-साथ उन ग्राहकों को भी नुकसान हुआ है, जिन्होंने इन वस्तुओं का ऑर्डर किया था।फिलहाल नुकसान की सटीक रकम सामने नहीं आई है। जले हुए पार्सलों और सुरक्षित बचे सामान का आकलन किए जाने के बाद ही वास्तविक नुकसान का पता चल सकेगा।कांटी थानेदार रविकांत पाठक ने बताया कि पुलिस और दमकल की गाड़ी समय पर मौके पर पहुंच गई थी, जिसके कारण आग को नियंत्रित कर लिया गया। उन्होंने कहा कि वाहन में रखा कुछ सामान सुरक्षित है, जबकि कुछ सामान आग की चपेट में आकर जल गया।पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही आग की असली वजह स्पष्ट होगी।थानेदार के मुताबिक अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने और जांच आगे बढ़ने के बाद नुकसान तथा घटना की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
फिलहाल नरसंडा चौक पर हुई इस घटना ने एक बार फिर कूरियर और डिलीवरी वाहनों में रखे कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। चलती-फिरती डिलीवरी की यह वैन कुछ ही मिनटों में राख के ढेर में बदल गई और सैकड़ों ग्राहकों के इंतजार को बड़ा झटका लग गया।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा