Bihar Flyover Accident: निर्माणाधीन फ्लाईओवर का सेंटरिंग भरभराकर गिरा, मची अफरा-तफरी
Bihar Flyover Accident: निर्माणाधीन फ्लाईओवर का सेंटरिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर गया।...
Bihar Flyover Accident: मुजफ्फरपुर-दरभंगा रोड स्थित एनएच-27 के मझौली चौक पर रविवार की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब निर्माणाधीन फ्लाईओवर का सेंटरिंग अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। ढलाई के लिए लगाया गया भारी-भरकम ढांचा गिरते ही तेज आवाज हुई और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसा रात करीब 10 बजे हुआ और उस समय सड़क पर आवाजाही कम थी। इस वजह से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस वक्त फ्लाईओवर का सेंटरिंग गिरा, उस समय एनएच-27 पर वाहनों और राहगीरों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी। ऐसे में बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यही घटना दिन के समय हुई होती तो स्थिति काफी गंभीर हो सकती थी।
दरअसल, मझौली चौक दिनभर काफी व्यस्त रहता है। यहां सड़क किनारे फल और सब्जियों की दुकानें लगती हैं। आसपास के कई ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में दिन के समय चौक पर वाहनों के साथ-साथ राहगीरों की भी काफी भीड़ रहती है। स्थानीय लोगों ने इसी वजह से निर्माणाधीन फ्लाईओवर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फ्लाईओवर का निर्माण करा रही एजेंसी के कर्मी मौके पर पहुंच गए। सड़क पर गिरे मलबे और लोहे की छड़ों को हटाने का काम शुरू किया गया, ताकि एनएच-27 पर यातायात प्रभावित न हो। फिलहाल सेंटरिंग गिरने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
वहीं, स्थानीय निवासियों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की कथित अनदेखी का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि इतने व्यस्त मार्ग पर फ्लाईओवर का निर्माण हो रहा है, ऐसे में निर्माण स्थल की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी है। सेंटरिंग गिरने की घटना ने निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।अब देखना होगा कि निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग इस घटना की जांच किस स्तर पर करते हैं और सेंटरिंग गिरने की वजह क्या सामने आती है। साथ ही, क्या निर्माण कार्य में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था, यह भी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा