Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस का क्विक एक्शन, राहगीर से मोबाइल लूटने वाले 4 शातिर बदमाश महज 3 घंटे में हुए गिरफ्तार, बाइक और फोन बरामद
Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने महज 3 घंटे के अंदर पानापुर करियात थाना क्षेत्र में राहगीर से हुई लूट कांड का सफल उद्वेदन करते हुए घटना में शामिल चार शातिर बदमाशों को लूट की मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है.
MUZAFFARPUR : जिले की पानापुर करियात थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महज 3 घंटे के भीतर राहगीर से हुई मोबाइल लूट कांड का न सिर्फ सफल उद्वेदन (खुलासा) किया, बल्कि घटना को अंजाम देकर भाग रहे चार शातिर अपराधियों को लूटे गए मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिलों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
मामले का विस्तृत खुलासा करते हुए एसडीपीओ (SDPO) वेस्ट वन सुचित्रा कुमारी ने बताया कि बीते 20 मई को पानापुर करियात थाना क्षेत्र के रौतिनिया दुर्गा मंदिर के समीप एक राहगीर के साथ लूटपाट की घटना हुई थी। यहाँ दो बाइकों पर सवार होकर आए 04 अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर राहगीर को रोका और उसका मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पानापुर करियात थाना पुलिस बिना वक्त गंवाए तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ित से अपराधियों के हुलिए और भागने की दिशा की जानकारी ली।
एसडीपीओ वेस्ट वन सुचित्रा कुमारी ने बताया की "लूट की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में सघन घेराबंदी (नाकेबंदी) की। त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप घटना में संलिप्त चारों अपराधियों को लूट के मोबाइल के साथ दबोच लिया गया। अपराधियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाई जाएगी।" पुलिस की घेराबंदी का ही नतीजा था कि वारदात के महज 3 घंटे के भीतर चारों लुटेरे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मिंटु कुमार, पवन कुमार, रंजन कुमार और रोहित कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने इनके पास से पीड़ित से लूटी गई मोबाइल फोन के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलें भी जब्त कर ली हैं।
इस त्वरित और सफल कार्रवाई के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस की आम जनता के बीच काफी सराहना हो रही है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए चारों शातिर अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है, साथ ही थाना स्तर पर इनसे कड़ाई से पूछताछ कर इनका पुराना आपराधिक इतिहास (क्राइम रिकॉर्ड) भी खंगाला जा रहा है ताकि क्षेत्र में सक्रिय इनके पूरे गैंग का पर्दाफाश किया जा सके।
मणिभूषण की रिपोर्ट