SKMCH स्थित कैंसर अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने 12 बेड ICU का किया उद्घाटन, PICU में भी 30 बेड की सौगात
मुजफ्फरपुर और इसके आसपास के कैंसर जैसे मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब गंभीर हालत में उन्हें बाहर जाने की जरुरत नहीं पड़ेगी। एसकेएमसीएच स्थित टाटा कैंसर अस्पताल में बुधवार को 12 बेड वाले आईसीयू की शुरुआत हो गई.....
Muzaffarpur : बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार गुरुवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल परिसर स्थित टाटा कैंसर अस्पताल में 12 बेड के अत्याधुनिक आईसीयू का फीता काटकर औपचारिक उद्घाटन किया। इसके साथ ही, बच्चों के बेहतर इलाज के लिए पीकू वार्ड में 30 बेड के नए सुपर स्पेशलिटी आईसीयू की भी सौगात दी। मंत्री के इस आगमन और पूरे कार्यक्रम को लेकर अस्पताल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
अस्पताल के सभी विभागों का किया विस्तृत निरीक्षण
उद्घाटन समारोह संपन्न होने के उपरांत स्वास्थ्य मंत्री ने कैंसर अस्पताल के विभिन्न विभागों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को मिलने वाली दवाओं, जांच सुविधाओं, आधुनिक उपकरणों तथा डाक्टरों की उपस्थिति की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्सा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के सख्त निर्देश दिए।
रेफर करने की मजबूरी होगी खत्म: स्वास्थ्य मंत्री
निरीक्षण के बाद मीडियाकर्मियों से रूबरू होते हुए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि मुजफ्फरपुर स्थित इस कैंसर अस्पताल को आने वाले समय में और अधिक हाई-टेक और सर्वसुविधायुक्त बनाया जाएगा। हमारा संकल्प है कि उत्तर बिहार के कैंसर और अन्य गंभीर मरीजों को अब बेहतर इलाज के लिए राज्य से बाहर या पटना रेफर होने की जरूरत न पड़े, उन्हें यहीं गुणवत्तापूर्ण इलाज मिले।
बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने का संकल्प
स्वास्थ्य मंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार पूरे बिहार में स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत तथा सुलभ बनाने के लिए निरंतर काम कर रही है। ग्रामीण स्तर से लेकर मेडिकल कॉलेजों तक की व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाया जा रहा है ताकि हर आम और खास नागरिक को समय पर बेहतर डॉक्टरी सलाह और इलाज की सुविधा मुहैया कराई जा सके।
मणिभूषण की रिपोर्ट