Bihar News : बिहार में शराबबंदी के बाद 'सूखे नशे' का बढ़ता जाल, मुजफ्फरपुर में नॉर्थ ईस्ट से आई लाखों की हेरोइन जब्त, दो तस्कर हुए गिरफ्तार

Bihar News : एक बार फिर मुजफ्फरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए की हेरोइन खेप को जप्त किया है. वहीँ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है......पढ़िए आगे

Bihar News : बिहार में शराबबंदी के बाद 'सूखे नशे' का बढ़ता ज
तस्कर गिरफ्तार - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद से राज्य में 'सूखे नशे' का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। मुजफ्फरपुर जिला इन दिनों नशे के सौदागरों का एक बड़ा केंद्र बनता दिख रहा है, जहां दूसरे राज्यों से नशे की बड़ी खेप मंगाई जा रही है। हालांकि, मुजफ्फरपुर पुलिस लगातार इन नेटवर्क पर प्रहार कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये मूल्य की हेरोइन की खेप जब्त की है और इसे सप्लाई करने पहुंचे दो शातिर तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया है।

यह पूरी कार्रवाई बिहार मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से मिले गुप्त इनपुट के आधार पर की गई। गिरफ्तार दोनों तस्कर ट्रेन के जरिए मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर उतरे और वहां से सीधे इमलीचट्टी बस स्टैंड पहुंचे थे। तस्करों की योजना थी कि बस स्टैंड की भारी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर वे आसानी से हेरोइन की डिलीवरी देकर निकल जाएंगे। लेकिन पुलिस ने पहले से ही ऐसा जाल बिछाया कि तस्करों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और दोनों को पुलिस ने दबोच लिया।

गिरफ्तार संदिग्धों की जब पुलिस ने गहन तलाशी ली, तो उनके पास से हेरोइन छिपाने का बेहद शातिर तरीका सामने आया। एक आरोपी ने साबुदाने के डिब्बों के भीतर हेरोइन छिपा रखी थी, जिसके पास से 65 पैकेट बरामद हुए। वहीं दूसरे आरोपी के पास से 10 पैकेट हेरोइन मिली। पुलिस ने दोनों के पास से कुल 891.5 ग्राम (करीब 900 ग्राम) हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। इसके अलावा तस्करों के पास से 4 मोबाइल फोन और 3 शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पूर्वी चंपारण के रहने वाले संजीत कुमार और मुजफ्फरपुर के बरुराज थाना क्षेत्र निवासी कौशलेंद्र कुमार के रूप में हुई है। शुरुआती पुलिसिया तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि नशे की यह बड़ी खेप नॉर्थ ईस्ट (पूर्वोत्तर राज्यों) के रास्ते बिहार लाई गई थी। सूत्रों के अनुसार, मुजफ्फरपुर में सूखे नशे का यह काला कारोबार पंजाब और असम जैसे राज्यों से जुड़े नेटवर्क के जरिए संचालित हो रहा है, जिसे स्थानीय स्तर पर खपाने की तैयारी थी।

फिलहाल, मुजफ्फरपुर पुलिस गिरफ्तार दोनों तस्करों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट के मुख्य सरगनाओं तक पहुंचा जा सके। पुलिस टीम इस नेटवर्क से जुड़े अन्य स्थानीय पैडलर्स की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि युवाओं की जिंदगी बर्बाद करने वाले इन नशे के कारोबारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और इस धंधे से जुड़े हर एक चेहरे को बेनकाब कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

मणिभूषण की रिपोर्ट