Bihar News : मुजफ्फरपुर में गैस गोदाम से दिनदहाड़े बदमाशों ने लूटे 1.20 लाख रुपये, दहशत फ़ैलाने के लिए की ताबड़तोड़ फायरिंग

Bihar News : मुजफ्फरपुर में बदमाशों ने अहियापुर स्थित एक गैस गोदाम को निशाना बनाते हुए लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये नकद की लूट की और जाते-जाते ताबड़तोड़ फायरिंग भी की.....पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर में गैस गोदाम से दिनदहाड़े बदमाशों ने
गैस गोदाम में लूट - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर जहाँ एक तरफ चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात और पूरी प्रशासनिक मशीनरी अलर्ट मोड में थी, वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री के जिले से निकलते ही बेखौफ अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित एक गैस गोदाम को निशाना बनाते हुए लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये नकद की लूट की और जाते-जाते ताबड़तोड़ दो राउंड फायरिंग भी की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के अहियापुर स्थित भारत गैस गोदाम की है। दोपहर करीब 3:10 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश गैस गोदाम परिसर में पहुँचे। इनमें से एक अपराधी बाइक पर ही बाहर बैठा रहा, जबकि दो अन्य बदमाश सीधे गोदाम के अंदर घुस गए।

गोदाम के अंदर घुसते ही अपराधियों ने वहाँ मौजूद डाटा ऑपरेटर दीपक कुमार शर्मा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और गल्ले में रखे कैश की माँग करने लगे। जब दीपक कुमार ने इस लूट का विरोध किया, तो अपराधियों ने धमकाते हुए और गाली-गलौज करते हुए पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद वे गल्ले में रखे लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये नकद लूटकर आसानी से फरार हो गए।

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज लूटपाट और गोलीबारी की घटना के बाद आसपास के इलाके और व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय साहेबगंज थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस गैस गोदाम में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

मामले की पुष्टि करते हुए प्रभारी एसडीपीओ सरैया, सुचित्रा कुमारी ने बताया कि तीन बाइक सवार अपराधियों द्वारा भारत गैस एजेंसी से 1 लाख 20 हजार रुपये की लूट की इस वारदात को अंजाम दिया गया है। साथ ही, अपराधियों द्वारा दो राउंड फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन अपराधियों की धड़पकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेने का दावा किया जा रहा है।

मणिभूषण की रिपोर्ट